यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 18, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
तेज बुखार के चलते बालिका की मौत

महोबा, जागरण संवाददाता : बारिश के बाद निकल रही तेज धूप लोगों पर कहर बनकर टूट रही है। मरीजों की संख्या में बढ़ोत्तरी के साथ ही मंगलवार को तेज बुखार व उल्टी दस्त से पीड़ित बालिका की उपचार दौरान मौत हो गई। उधर सैकड़ों की संख्या में मरीज अपना उपचार कराने को चिकित्सालयों में भर्ती हैं।
बता दें कि इन दिनों हो रही रुक रुककर बारिश व उसके बाद निकल रही तेज धूप से लोग बेहाल हो रहे हैं। मंगलवार को भी दिन में तेज धूप निकलने के बाद बारिश हुई। मौसम के बदलाव के चलते मरीजों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है। विवरण के मुताबिक लगभग दो दिन पूर्व मौसम के अचानक करवट लेने से कोतवाली कुलपहाड़ क्षेत्र की मुहारी निवासी 5 वर्षीय खुशी उल्टी दस्त व तेज बुखार का शिकार हो गई। हालत ज्यादा बिगड़ने पर परिजनों द्वारा उसे चिकित्सालय में दाखिल कराया गया, जहां दौरान उपचार उसकी मौत हो गई। इसके साथ ही सैकड़ों की संख्या में लोग उल्टी दस्त व बुखार से पीड़ित होकर सरकारी व निजी चिकित्सालयों में भर्ती हैं। जिला अस्पताल के चिकित्सक डा. आरपी मिश्रा सलाह दी है कि बुखार आदि आने पर लापरवाही न बरतें बल्कि अस्पताल जाकर अपना उपचार कराएं। इसके साथ ही खानपान में विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
