यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 07, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
49 पर पहुंचा पारा, लू से एक और मौत

महोबा, जागरण संवाददाता : पारा, 49 डिग्री पहुंचने से गर्मी अब जानलेवा हो गई। इंसानों के साथ ही बेजुबान पशु पक्षियों पर भी यह कहर बनकर टूट रही है। शुक्रवार की देर सायं लू की चपेट में आकर उल्टी दस्त व बुखार से पीड़ित वृद्धा ने दम तोड़ दिया। उधर विकराल हुई गर्मी के चलते सरकारी व निजी चिकित्सालय मरीजों से खचाखच भरे पड़े है।
शनिवार को भी गर्मी अपने पूरे रंग में नजर आयी। पारा 49 डिग्री होने से लोग झुलसने को मजबूर हुए। वहीं घर से निकलने वाले लोग छाता आदि लेकर धूप से बचाव करते नजर आए। विवरण के मुताबिक थाना पनवाड़ी क्षेत्र की महुआ गांव निवासी 65 वर्षीय सावित्री शुक्रवार को खेत में काम करने गई थी। तभी तेज धूप व गर्म हवा के थपेड़ों के चलते वह लू की चपेट में आ गई और अचानक उसकी हालत बिगड़ने लगी। जैसे-तैसे वह घर पहुंची। देर शाम अचानक उल्टी दस्त व तेज बुखार के चलते परिजनों द्वारा इसे उपचार के लिए चिकित्सालय ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही वृद्धा की मौत हो गई। उधर सरकारी व प्राइवेट चिकित्सालयों में भी मरीजों की संख्या में रोजाना इजाफा हो रहा है। बता दें कि बीते दिन लू की चपेट में आने से महिला सहित दो की मौत हो गई थी।
...हीट स्ट्रोक व गर्मी के कारण होने वाली बीमारियों का एकमात्र उपाय निजी सावधानी है। ओआरएस के घोल के अलावा नींबू पानी, आम पना, शिकंजी व लस्सी भी गर्मी का असर कम करने में सहायक है। खाने पीने की वस्तुएं संक्रमित न हों और शरीर में पानी की कमी न होने पाए बस इतनी सावधानी से गर्मी में होने वाली समस्याओं से बचा जा सकता है। बुखार आदि आने पर तुरंत चिकित्सक को दिखाकर अपना बेहतर उपचार कराएं।
- डा. चंद्रशेखर गौतम, जिला चिकित्सालय।
