विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 06, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

लू की चपेट में आकर महिला सहित दो की मौत

By Edited By:
Published: Fri, 06 Jun 2014 08:44 PM (IST)

News Article Hero Image

महोबा, जागरण संवाददाता : सूर्यदेव के आग उगलने से पारा दिनों दिन बढ़ता जा रहा है। लू के थपेड़ों से लोग झुलसने को मजबूर है। शुक्रवार को लू की चपेट में आने से महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई। उधर रोजाना सैकड़ों की संख्या में उल्टी, दस्त व तेज बुखार से पीड़ित अपना उपचार कराने को चिकित्सालय पहुंच रहे है।

शुक्रवार को पारा 49 डिग्री होने से गर्मी अपने पूरे शबाब पर थी। सुबह से ही आग उगलते सूरज के चलते लोग घरों में दुबकने को मजबूर रहे। विवरण के मुताबिक थाना पनवाड़ी क्षेत्र का रिछा गांव निवासी 40 वर्षीय सुखदेव बकरी चराते समय लू की चपेट में आ गया। हालत बिगड़ने पर वह घर आया तो उल्टी दस्त का शिकार हो गया। परिजन उसे चिकित्सालय ले जा रहे थे, लेकिन वहां जाने के पहले उसकी मौत हो गई। उधर थाना महोबकंठ की रजौनी गांव निवासी 21 वर्षीय रीता शुक्रवार को अपने देवर व जेठानी के साथ बाइक से ससुराल बिहूनी राठ से अपने मायके आ रही थी। पनवाड़ी के पास वह लू की चपेट में आ गई और रास्ते में ही अचानक हालत बिगड़ी और साथ में मौजूद लोग उसे चिकित्सालय ले गए। लेकिन बेतहाशा उल्टी दस्त व अचानक तेज बुखार के चलते महिला की मौत हो गई। वहीं दिनोंदिन बढ़ रहे पारे के चलते रोजाना सैकड़ों की संख्या में मरीज उल्टी दस्त व तेज बुखार का शिकार होकर सरकारी व निजी चिकित्सालयों में उपचार कराने को पहुंच रहे है। चिकित्सक डा. आरपी मिश्रा सलाह देते है कि घर से निकलते वक्त भरपूर मात्रा में पानी पीकर निकले। आम का पना भी लाभदायक है, ठंडी चीजों का सेवन करें। वह गरिष्ठ भोजन के सेवन से परहेज करने की सलाह देते है। बुखार आदि आने पर तुरंत चिकित्सक को दिखाकर अपना बेहतर उपचार कराएं।

गश खाकर गिरे चौकी प्रभारी

चरखारी (महोबा) संवाद सहयोगी : गर्मी इतनी विकराल हो चुकी है, कि लोग खासे परेशान है। विवरण के मुताबिक सूपा चौकी प्रभारी वीर प्रताप शुक्रवार को चरखारी सिविल कोर्ट जा रहे थे। रास्ते में कोतवाली के पास लू की चपेट में आकर गश खाकर गिर पड़े। पास में मौजूद पुलिस कर्मियों द्वारा उन्हें उपचार के लिए चिकित्सालय में दाखिल कराया गया है।