यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 20, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
उल्टी दस्त व बुखार की चपेट में आकर दो की मौत

महोबा, जागरण संवाददाता : विकराल हुई गर्मी से लोग झुलसने को मजबूर हैं। वहीं दिनोंदिन बढ़ रही मरीजों की संख्या से अस्पताल खचाखच भरे हैं। सोमवार को उल्टी दस्त व तेज बुखार की चपेट में आकर युवती सहित दो लोगों की मौत हो गई। लोगों की जुबां से बस यही निकल रहा है कि गर्मी अभी ऐसी है तो जून के महीने में क्या होगा।
गर्मी अपनी चरम सीमा पर है, सरकारी व निजी अस्पताल मरीजों से खचाखच भरे है। रोजाना सैकड़ों की संख्या में लोग उल्टी दस्त व बुखार के चलते बीमार होकर अपना उपचार कराने पहुंच रहे है। विवरण के मुताबिक गडकरी मौदहा निवासी 50 वर्षीय सुगर सिंह उर्फ लाखन सोमवार को भरुआ रेलवे स्टेशन में कहीं जाने के लिए खड़ा था। बताया जाता है कि तभी अचानक उसे उल्टी होने लगी और तेज बुखार आ गया। लोग उसे कहीं ले जा पाते, इसके पहले ही उसकी मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची जीआरपी पुलिस ने शव को कब्जे में लिया है। उधर शहर कोतवाली क्षेत्र के दिसरापुर की निवासी 22 वर्षीय रंजना की भी उल्टी दस्त व तेज बुखार के चलते मौत हो गई। गौरतलब है कि गर्मी लोगों पर कहर बनकर टूट रही है। सभी परेशान है कि मई के बाद जून माह में क्या होगा। रोजाना सैकड़ों की संख्या में लोग बुखार आदि से पीड़ित होकर चिकित्सालयों में उपचार कराने को पहुंच रहे है।
क्या बोले जवाबदेह
गर्मी के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। घर से निकलते वक्त शरीर को अच्छी तरह से गमछा व तौलिया आदि से ढककर व भरपूर मात्रा में पानी पीकर निकले। बुखार आदि होने पर इसमें लापरवाही न करें बल्कि तुरंत चिकित्सक को दिखाएं। गरिष्ठ व बाहरी चीजों के खानपान से परहेज करें।
-डा. आरपी मिश्रा, जिला अस्पताल।
