यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 15, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
उल्टी-दस्त से पीड़ित मासूम की मौत

महोबा, जागरण संवाददाता : दिनोंदिन तापमान बढ़ने से जहां लोग तेज धूप के चलते घरों में दुबकने को मजबूर हैं, वहीं मरीजों की संख्या में बेतहाशा बढ़ोत्तरी हो रही है। बुधवार को उल्टी-दस्त व बुखार से पीड़ित मासूम की मौत हो गई, जबकि दर्जनों की संख्या में बच्चे सहित बड़े भी अपना उपचार कराने को सरकारी व निजी चिकित्सालयों में भर्ती हैं।
विकराल हुई गर्मी अब जानलेवा साबित हो रही है। हालांकि बुधवार को सुबह से ही धूप छांव का खेल चलने से तापमान गिरकर 40 डिग्री तक पहुंच गया। विवरण के मुताबिक राठ कस्बे के बड़ा गांव निवासी 7 माह के मासूम अंश को परिजनों द्वारा उल्टी-दस्त होने पर चिकित्सालय में दाखिल कराया गया था। जहां बुधवार को उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक वह पिछले कई दिनों से बीमार चल रहा था। उधर जिला अस्पताल में उल्टी-दस्त से पीड़ित होकर 6 माह की मोहिनी निवासी लौड़ी तिगैला, एक वर्ष की शिक्षा निवासी चुरारी, मनीषा, सुमन, दुर्गेश व संगीता सहित दर्जनों की संख्या में मरीज उपचार के लिए भर्ती हैं। वहीं प्राइवेट अस्पतालों में भी मरीजों की संख्या में खासी बढ़ोत्तरी हो रही है। दिनों दिन तेजी से तापमान में हो रहा इजाफा लोगों के लिए खासी मुसीबत बना हुआ है। दिनभर तेज धूप निकलने से लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है और लोग बिलबिलाने को मजबूर हैं।
कैसे करें बचाव
: तेज धूप में घर से न निकलें
: आंखों में चश्में व सिर पर तौलिया का प्रयोग करें।
: दही व प्याज का सेवन करें।
: पानी भरपूर मात्रा में पिएं।
: दिक्कत होने पर चिकित्सक से सलाह लेकर दवा लें।
