यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 11, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
तेज बुखार से वृद्ध की मौत, कई बीमार

महोबा, जागरण संवाददाता : गर्मी अपने पूरे शबाब पर है, तेज धूप से जहां लोगों को राहत नहीं मिल पा रही, वहीं मरीजों की संख्या में भी बेतहाशा बढ़ोत्तरी हो रही है। रविवार को तेज बुखार से पीड़ित एक वृद्ध की चिकित्सालय में उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं सैकड़ों लोग सरकारी व निजी चिकित्सालयों में अपना उपचार कराने के लिए भर्ती है।
रविवार को भी गर्मी अपनी चरम सीमा पर थी, पारा 40 डिग्री पहुंचने पर लोग तेज धूप से बचने को घरों में दुबकने को मजबूर रहे। उधर मरीजों की संख्या दिनोंदिन बढ़ती जा रही है। विवरण के मुताबिक कोतवाली चरखारी क्षेत्र के रिवई गांव निवासी 70 वर्षीय हरजुआ को तेज बुखार व उल्टी दस्त के चलते चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था, जहां रविवार को उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। बताया जाता है कि वह पिछले कई दिनों से बीमार चल रहा था। उधर विकराल हुई गर्मी के चलते रोजाना सैकड़ों की संख्या में लोग उल्टी दस्त व बुखार से पीड़ित होकर सरकारी व निजी चिकित्सालयों में अपना उपचार कराने को पहुंच रहे है। वहीं भीषण गर्मी के चलते दिन व रात के समय में होने वाली बिजली की अघोषित कटौती भी लोगों को रुला रही है।
