यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 08, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
तेज बुखार से पीड़ित वृद्धा की मौत, कई लोग बीमार

महोबा, जागरण संवाददाता : गर्मी लोगों पर कहर बनकर टूट रही है। पारा 44 डिग्री सेल्सियस पर थिरकने से जहां एक ओर लोग गर्मी में झुलसने को मजबूर है, वहीं दूसरी ओर उल्टी दस्त व तेज बुखार के मरीजों में खासा इजाफा हो रहा है। गुरुवार को वृद्धा की तेज बुखार के चलते मौत हो गई, जबकि दर्जनों की संख्या में लोग जिला अस्पताल में उपचार कराने को भर्ती है।
विवरण के मुताबिक थाना कबरई क्षेत्र की सुरहा गांव निवासी 70 वर्षीय सुरजी पिछले कुछ दिनों से तेज बुखार से पीड़ित थी। कबरई में इलाज कराने के बाद भी जब आराम न मिला तो परिजनों द्वारा गुरुवार को उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया। यहां वृद्धा की मौत हो गई। उधर मुख्यालय की महतवानापुरा निवासी 2 वर्षीय नंदिनी, सिजहरी निवासी अमन, पठा निवासी रती, 23 वर्षीय सरोज, उमा व प्रीती निवासीगण कबरई सहित दर्जनों की संख्या में लोग जिला अस्पताल में भर्ती है। उधर निजी अस्पतालों में भी उल्टी दस्त व तेज बुखार के मरीजों की भरमार है। जिला अस्पताल के चिकित्सक डा. आरपी मिश्रा बताते है कि उल्टी दस्त व बुखार आदि आने पर चिकित्सक से सलाह लेकर उपचार कराएं। इसके साथ ही बाहरी चीजों के सेवन व गरिष्ठ चीजों से परहेज करें। वह भरपूर मात्रा में पानी पीने की सलाह देते है।
