यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 14, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
ठंड की चपेट में आकर अधेड़ की मौत

बेलाताल (महोबा) : जिले में सर्दी ने अपनी दस्तक दे दी है। मौसम के बदलाव से जहां मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है, वहीं बुधवार को ठंड की चपेट में आकर 50 वर्षीय अधेड़ की मौत हो गई। बताया जाता है कि उसे कुछ दिनों से बुखार भी आ रहा था।
जानकारी के मुताबिक थाना अजनर क्षेत्र का महुआ बांध गांव निवासी 50 वर्षीय शंकर उर्फ कृपाल पुत्र पुन्ना बसोर बुधवार की सुबह करीब छह बजे पैदल अपनी रिश्तेदारी में मंगरौल जा रहा था। रास्ते में ककरयाऊ पुल के पास उसे ठंड लगने लगी, जिसके बाद उसे सीने में दर्द भी होने लगा। तभी उसने फोन पर अपने बेटे मातादीन को इसकी जानकारी दी। लेकिन परिजन जब तक वहां पहुंचते शंकर की मौत हो चुकी थी। परिजनों के मुताबिक उसे पिछले कई दिनों से बुखार भी आ रहा था। जिले में सर्दी की चपेट में आकर यह पहली मौत है। उधर, घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं मौसम के बदलाव के चलते सरकारी व निजी चिकित्सालय मरीजों से खचाखच भरे पड़े हैं।
इस मामले में मो. रिजवान, उप जिलाधिकारी, कुलपहाड़ का कहना था कि मुझे कोई जानकारी नहीं है। संबंधित लेखपाल और कानूनगो को भेजकर वास्तविकता की जानकारी कराई जाएगी। अगर मृतक वास्तविकता में पात्रता की श्रेणी में आता है तो उसके परिजनों को सरकारी सहायता दिलाई जाएगी।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
