यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 20, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
हैण्डपंपों की खराबी दूषित जल पीना मजबूरी

-गांवों में लगे हैण्डपम्प उगल रहे जहर
जागरण संवाददाता,महराजगंज :
फरेन्दा तहसील क्षेत्र के लोग जलनिगम व स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के चलते शुद्ध पानी के लिए तरस रहे हैं। स्थिति यह है कि इस बरसात के मौसम में तमाम जल जनित बीमारियां पांव पसार रही हैं। गांवों में लगे सैकड़ों हैण्डपम्प दूषित जल उगल रहे हैं। और विभाग के लोग चैन की बंसी बजा रहे हैं।
इस बरसात के मौसम में ग्रामीण क्षेत्रों में जल जमाव व खराब पड़े इण्डिया मार्का हैण्डपम्पों के चलते ग्रामीणों को पेयजल के लिए मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। एक तरफ जहां पेयजल के लिए गहरे हैण्डपम्पों का पानी पीने की सलाह दी जाती है। वहीं खराब पड़े हैण्डपम्पों को ठीक कराने के लिए कोई सुधि नहीं ली जा रही है। गांवों में लगे हैण्डपम्पों से निकलने वाला पीला व बदबूदार पानी पीकर कोल्हुई क्षेत्र के कुशहां गांव में पखवारे भर पूर्व दर्जनों लोग डायरियां से पीड़ित हो गए थे। इस सम्बन्ध में ग्रामीणों द्वारा कई बार शिकायत की गई । किन्तु इन्हें ठीक कराने के लिए जिम्मेदार लोगों द्वारा अब तक कोई सुधि नहीं ली गई। क्षेत्र के डडवार खुर्द, महदेवा दूबे , सोनबरसा , बरडाड़ , बरगाहपुर , फुलमनहां , गोपलापुर , मथुरानगर , निरनाम पूर्वी सहित अन्य गांवों में लोग शुद्ध पेयजल के लिए कम गहरे हैण्डपम्पों का पानी पीने को मजबूर हैं। क्षेत्र के अर्जुन मिश्र , रमापति त्रिपाठी , शैलेश मिश्र , ओमप्रकाश , उमेश यादव सहित अन्य लोगों ने इन खराब पडे हैण्डपम्पों को शीघ्र ठीक कराने की मांग की है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
