यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 17, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
संकल्प सभा के लिए अयोध्या में अग्निपरीक्षा से गुजरेगी विहिप
लखनऊ। विश्व हिंदू परिषद ने शरद पूर्णिमा के मौके पर संकल्प सभा के आयोजन का एलान कर हिंदुत्

लखनऊ। विश्व हिंदू परिषद ने शरद पूर्णिमा के मौके पर संकल्प सभा के आयोजन का एलान कर हिंदुत्व के उभार का चक्रव्यूह रचा तो इस कार्यक्रम पर प्रतिबंध लगा राज्य सरकार ने उसे 'खुद को साबित' करने की चुनौती दे दी है। अयोध्या अब उसी चक्रव्यूह के मुहाने पर विहिप का इम्तहान लेती नजर आ रही है।
विहिप ने महज दो माह के भीतर तीसरे कार्यक्रम का एलान कर राज्य सरकार को छकाने का दांव चला है। इस पर प्रतिबंध लगा सपा सरकार ने उसे अपनी शक्ति दिखाने की चुनौती दे दी है। पहले 25 अगस्त से 84 कोसी परिक्रमा का एलान कर विहिप ने संतों की यात्रा व सभाओं के बहाने हिंदुत्व की भावना को घनीभूत करने का जाल बुना जो सफलता अर्जित करने में नाकाम रहा। फिर पंचकोसी परिक्रमा से भी उसकी उम्मीदें परवान न चढ़ सकीं।
यही कारण है कि लगातार इस मुद्दे को गर्माए रखकर विहिप ने बहुसंख्यक को एक बार फिर लामबंद करने की मुहिम संकल्प सभा के माध्यम से छेड़ी है। देश भर में एक लाख स्थानों पर संकल्प सभा का एलान करने वाली विहिप ने अयोध्या को केंद्र बिंदु बनाया है। यहां 18 अक्टूबर को सभा करने की हुंकार भरी है। विहिप के प्रांतीय मीडिया प्रभारी शरद शर्मा ने बताया कि राज्य सरकार हिंदुओं के दमन के चाहे जितने उपाय करे, विहिप झुकने वाली नहीं है। संकल्प सभा होकर रहेगी।
फैजाबाद के जिलाधिकारी विपिन कुमार द्विवेदी ने कहा कि विहिप की संकल्प सभा पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा है, जिसका हरहाल में पालन कराया जाएगा।
----------------------
चुनौतियां और दिक्कतें : शरद पूर्णिमा पर करीब पचास हजार स्नानार्थी सरयू नदी में स्नान करते हैं। इस भीड़ का फायदा विहिप कार्यकर्ता उठा सकते हैं। प्रमुख सचिव गृह अनिल कुमार गुप्ता, पुलिस महानिदेशक देवराज नागर और अपर पुलिस महानिदेशक कानून-व्यवस्था मुकुल गोयल ने इन हालातों से निपटने की सख्त हिदायत दी है। पुलिस के सामने बस्ती जिले की कुछ मूर्तियों के विसर्जन की भी दिक्कतें हैं।
----------------------
किसी भी हाल में नहीं होगी सभा : विश्वकर्मा : हाइ-वे पर मार्ग परिवर्तित किया गया है, लेकिन चार पहिया वाहनों को जाने की छूट नहीं है। संकल्प सभा को जिला प्रशासन ने प्रतिबंधित किया है। यह सभा नहीं होने दी जायेगी। एडीजी/आइजी कानून-व्यवस्था राजकुमार विश्वकर्मा ने कहा है कि जो भी सभा में जाने की कोशिश करेगा, उसकी गिरफ्तारी की जायेगी।
-----------------
- अयोध्या में 337 गिरफ्तार, 42 हाउस अरेस्ट, 39 पाबंद।
- रेलवे यात्रियों पर भी कड़ी निगरानी।
- दो हजार से अधिक सुरक्षाकर्मी अयोध्या में तैनात।
- यूपी, फैजाबाद और अयोध्या की सीमा सील।
-जिले की सीमा पर 13 और यूपी की सीमा पर 31 बैरियर।
- चंदौली, गाजीपुर व कुशीनगर बलिया, सोनभद्र, देवरिया में अलर्ट।
-वेदांती अंडर ग्राउंड, अशोक सिंहल का कार्यक्रम निर्धारित नहीं।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
