यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 11, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
योगी की घेराबंदी से गरमाया सियासी माहौल
लखनऊ। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के खिलाफ चार्जशीट के बाद फायरब्रांड नेता सासद योगी आदित्यनाथ

लखनऊ। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के खिलाफ चार्जशीट के बाद फायरब्रांड नेता सासद योगी आदित्यनाथ की घेराबंदी से सियासी माहौल और गरमा गया है। लखनऊ में प्रशासन की अनुमति न मिलने के बावजूद बुधवार को जनसभा आयोजित कर भाजपा ने टकराव के इरादे जता दिए। उधर सपा भी दो-दो हाथ करने के मूड में है। सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने वालों पर सख्त रवैया अपनाने का ऐलान करते हुए सपा प्रवक्ता ने कार्रवाई को सही ठहराया।
जैसे-जैसे उपचुनाव के मतदान की तिथि 13 सितंबर नजदीक आ रही है, वैसे सपा भाजपा के बीच तनातनी बढ़ रही है। प्रदेश अध्यक्ष डा.लक्ष्मीकांत वाजपेयी का कहना है, लोकसभा चुनाव में पिटी सपा उपचुनाव में मात मिलने की आशंका से बौखलाई है। अध्यक्ष अमित शाह के खिलाफ गंभीर धाराओं में चार्जशीट दाखिल कराना भी उसी डर का नतीजा है। निर्वाचन आयोग को जवाब देने के बाद शाह को क्लीनचिट मिल चुकी थी। अब जिस तरह से अचानक पुराने मुद्दे को उभारा गया, उससे तुष्टिकरण की बू आती है। भाजपा इसका करारा जवाब देगी।
उड़ान की इजाजत न देना भी साजिश का हिस्सा : बुधवार को हेलीकाप्टर उड़ान की इजाजत नहीं मिलने को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सपा सरकार की साजिश का हिस्सा बताया। इस कारण सांसद योगी आदित्यनाथ को ठाकुरद्वारा और मैनपुरी में मोबाइल फोन से ही जनसभाओं को संबोधित करना पड़ा।
आयोग में जवाब देंगे, कोर्ट भी जाएंगे : लखनऊ में सभा को अनुमति नहीं देने को लेकर प्रशासन पर बिफरे प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि पांच सितंबर को जनसभा की अनुमति के लिए प्रार्थनापत्र दिया गया था जिसे सपा प्रत्याशी के दबाव में निरस्त किया गया। चुनाव आयोग से नोटिस मिला तो उसका जवाब देंगे और जिला प्रशासन के फैसले को कोर्ट में चुनौती दी जाएगी।
--------------------
भाजपा ओछे हथकंडे आजमा रही : सपा
लखनऊ में रोक के बावजूद जनसभा को संबोधित करने पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने आरोप लगाया कि सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ कर चुनाव समीकरण बनाने वाली भाजपा के मंसूबे इस बार पूरे नहीं होंगे। उपचुनाव में सभी सीटों पर इस बार जनता भाजपा को सबक सिखाने का मन बना चुकी है।
----
योगी गिरफ्तार हों : खत्री
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डा.निर्मल खत्री ने भाजपा सांसद योगी आदित्यनाथ पर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने तथा चुनाव आयोग की आदर्श आचार संहिता का माखौल उड़ाने का आरोप लगाते हुए तत्काल उनकी गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि सपा सरकार और प्रशासन जानबूझ कर योगी को बढ़ावा दे रहा है अन्यथा यह कैसे संभव था कि प्रतिबंध लगाने के बावजूद लखनऊ में उनकी सभा होने दी गई। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ जैसी विभाजक मानसिकता के लोगों को तत्काल सलाखों के पीछे डाला जाए ताकि लोगों का भरोसा संवैधानिक व्यवस्था पा कायम रह सके।
-------
सपा-भाजपा की मिलीभगत है : राजभर
रोक के बावजूद भाजपा सांसद योगी आदित्यनाथ द्वारा चुनावी सभा किए जाने पर बसपा के प्रदेश अध्यक्ष रामअचल राजभर ने कहा है कि वास्तव में सपा-भाजपा की मिलीभगत से सबकुछ हो रहा है। राजभर ने चुनाव आयोग से योगी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। राजभर ने कहा कि केंद्र की भाजपा व राज्य की सपा सरकार आपस में मिलकर सूबे की जनता को गुमराह करने में जुटी है ताकि जनता का ध्यान मुख्य मुद्दे से हटा रहे।
