विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 27, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

कानपुर में सुब्रमण्यम स्वामी की गाड़ी पर फेंके गये अंडे व टमाटर

By Dharmendra PandeyEdited By:
Published: Sat, 27 Feb 2016 12:29 PM (IST)Updated: Sat, 27 Feb 2016 09:15 PM (IST)

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता सुब्रमण्यम स्वामी की कार पर कानपुर में आज टमाटर तथा अंडे फेंके गये। स्वामी ...और पढ़ें

News Article Hero Image

लखनऊ। कानपुर में शनिवार को ओछी हरकत करते हुए कांग्रेसियों ने भाजपा के वरिष्ठ नेता सुब्रमण्यम स्वामी की फ्लीट पर कीचड़ उछालकर शहर को शर्मसार कर दिया। मालरोड व कंपनी चौराहा पर अंडे-टमाटर, नीली-काली स्याही फेंकने के साथ ही काले झंडे भी दिखाए। फ्लीट रोकने के बाद कार पर चढऩे की कोशिश कर रहे कांग्रेसियों पर सुरक्षाकर्मियों ने लाठियां भांजी। इसमें शहर अध्यक्ष समेत कई चुटहिल हो गए।

वरिष्ठ भाजपा नेता सुब्रमण्यम की कारों का काफिला निकलने से पहले ही माल रोड पर दर्जनों कांग्रेसी एकत्रित हो गए। फ्लीट मुरे कंपनी पुल से नीचे उतरते ही जब तक पुलिस प्रशासन व सुरक्षा में लगे जवानों को कोई भनक लग पाती, तब तक कांग्रेसी शहर अध्यक्ष हर प्रकाश अग्निहोत्री, पवन गुप्ता, युवक कांग्रेस लोकसभा अध्यक्ष रीतेश यादव, पूर्व पार्षद इजहारुल अंसारी के नेतृत्व में सामने आ गए। अचानक आए कांग्रेसियों को देख फ्लीट में शामिल गाडिय़ों के चालकों के होश उड़ गए। फ्लीट रुकते ही कांग्रेसी अभद्रता की हदें पार कर गए। काले झंडे दिखाने, स्याही व कीचड़ फेंकने के साथ ही श्री स्वामी की गाड़ी पर चढ़ गए। सुरक्षाकर्मियों ने लाठीचार्ज कर इन्हें खदेड़ा तब फ्लीट निकल सकी। इस केबाद नगर ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष अभिजीत सिंह सांगा की अगुवाई में कंपनी बाग चौराहा पर फिर से काफिले को रोककर टमाटर व अंडे बरसाए गए। पुलिस के पहले से चौकस होने की वजह से कांग्रेसियों को लाठियां पटककर खदेड़ा गया।

सुभाषचंद्र बोस विवि किया जाए जेएनयू का नाम

जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय को पूरी तरह बदलने की जरूरत है। अगर उसे बेहतरीन विश्वविद्यालय बनाना है तो उसमें अध्ययनरत राष्ट्रवादी छात्रों के अंदर साहस भरने के साथ नियमों में बदलाव करना होगा। जिस व्यक्ति के नाम पर इसका नाम पड़ा सबसे पहले उसे बदलने की जरूरत है क्योंकि जब वही सफल नहीं रहे तो उनमें नाम पर विश्वविद्यालय क्यों। इसका नाम जेएनयू की बजाय सुभाषचंद्र बोस विश्वविद्यालय रखा जाना चाहिए। यह बातें वीएसएसडी डिग्री कालेज में 'ग्लोबल टेररिज्म विद रिफ्रेंस टू कश्मीर इश्यू' विषय पर शनिवार को आयोजित सेमिनार में भाजपा के वरिष्ठ नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने कहीं। उन्होंने कहा कि जेएनयू प्रकरण को लेकर उच्चतम न्यायालय में याचिका दायर की है जिसकी सुनवाई सोमवार को है। कार्यक्रम में मेधावी छात्र छात्राओं को सम्मानित भी किया गया।

सुब्रमण्यम स्वामी ने कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ चाय पीने के लिए ठीक है। किसी मुद्दे का हल निकालने को उनसे वार्ता करना बेकार है। क्योंकि वह पाकिस्तान में केवल एक कठपुतली की तरह काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत के हिस्से में जो कश्मीर है उसे तो भयमुक्त बनाएंगे ही। इसके साथ ही उस कश्मीर का पूरा भाग पकिस्तान से लिया जाएगा जिस पर वह अवैध रूप से कब्जा किए है।