यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 04, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सांप्रदायिक बवाल के बाद शामली में अघोषित कर्फ्यू जैसे हालात
लखनऊ। शामली शहर में हालात बुधवार सुबह तक विस्फोटक बने हैं। मंगलवार को एक सफाई कर्मचारी क

लखनऊ। शामली में बवाल के दूसरे दिन बुधवार को तनावपूर्ण खामोशी छाई हुई है। शहर में आसपास के जिले का फोर्स देर रात पहुंच गया था। चप्पे चप्पे पर भारी पुलिस व पीएसी बल की तैनाती के बावजूद दहशत पसरी हुई है। दहशत व अनहोनी की आशका के चलते बाजार पूरी तरह से बंद है और सडकों से लेकर गलियों में सन्नाटा पसरा हुआ है। शहर में पुलिस की गश्त लगातार जारी है और स्थिति पर निगाह रखी जा रही है। शामली बवाल को देखते हुए पूरे जिले को अलर्ट कर दिया गया है। अधिकारियों ने पुलिस को लगातार निगरानी रखने के कडे निर्देश दिए गए हैं। बवाल के चलते यातायात भी प्रभावित हुआ है। पुलिस ने रात में दबिश देकर करीब तीन दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है।
शामली में मंगलवार तीसरे पहर सफाईकर्मी सागर से मारपीट के बाद शहर में जमकर बवाल हुआ था। मोहल्ला नंदू प्रसाद व कलंदरशाह में अलग अलग समुदाय के लोगों के बीच जमकर फायरिंग, पथराव, आगनजनी व तोडफोड हुई थी। फायरिंग के दौरान एक व्यक्ति अहसान की मौत हो गई थी, जबकि दोनों पक्षों के दर्जन भर से अधिक लोग घायल हुए थे। रात में आइजी मेरठ जोन, डीआइजी सहारनपुर, व कमिश्नर ने भी शामली पहुंचकर हालात का जायजा लेकर अधिकारियों को दिशा निर्देश देते हुए हालात पर काबू पाने के निर्देश दिए थे। बवाल के बाद पुलिस ने करीब तीन दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है। बुधवार को दूसरे दिन शहर मे तनावपूर्ण सन्नाटा पसरा है। दहशत के चलते बाजार बंद रहे। चाय, पानी बीडी सिगरेट तक की दुकानें भी बंद रही। घटनास्थल के अलावा शहर में प्रमुख चौराहों पर पुलिस व पीएसी बल तैनात है। पुलिस की गाडिया लगातार गश्त कर स्थिति पर निगरानी रखे हुए हैं। शामली में बवाल को देखते हुए जिले के कैराना, काधला, झिझाना, थानाभवन, जलालाबाद समेत सभी कस्बों में अलर्ट जारी किया गया है। उधर, दहशत के चलते यातायात व यात्रियों पर भी व्यापाक असर पडा है। टेन में यात्रियों की संख्या कम रही और बसों भी कम संख्या में चली। बस स्टैंडों पर न बसें दिखाई दी और न यात्री नजर आए।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
