यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 02, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
दस वर्ष में निर्मल-अविरल हो जाएंगी गंगा : उमा
लखनऊ। केंद्रीय जल संसाधन एवं नदी विकास मंत्री उमा भारती को भरोसा है कि गंगा नदी कि तीन वर्ष

लखनऊ। केंद्रीय जल संसाधन एवं नदी विकास मंत्री उमा भारती को भरोसा है कि गंगा नदी कि तीन वर्ष में साफ होंगी और सात वर्ष में सिस्टम दुरुस्त होगा तभी दस साल में अविरल व निर्मल गंगा की कल्पना को साकार किया जा सकेगा। सरकार ने इसके लिए दीर्घ व अल्प अवधि योजनाएं तैयार की है। अल्प अवधि के तहत तीन साल में गंगा में कल कारखानों का रासायनिक कचरा गिरने से रोका जाएगा जबकि दीर्घ अवधि में उसकी धारा अविरल हो जाएगी।
उमा भारती कल मीरजापुर तथा वाराणसी में थीं। मीरजापुर में उन्होंने मां विंध्यवासिनी देवी का दर्शन-पूजन करने के बाद कहा कि गंगा नदी तो एक माडल होंगी अन्य नदियों को भी प्रदूषण मुक्त कराने के लिए चरणबद्ध योजना बनाई जा रही है। आज देश में लोगों को कहीं बाढ़ तो कहीं सूखे की मार झेलनी पड़ती है। इसके लिए भारत सरकार ने नदियों को जोड़ने की योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने का मन बनाया है। प्रदेश सरकारों तथा पर्यावरण मंत्रालय से राय लेने के बाद काम शुरू हो जाएगा। विंध्याचल में गंगा में नाले का पानी गिराए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अगले दस साल में गंगा में कोई नाला गिरेगा ही नहीं। इसकी योजना बन चुकी है।
वाराणसी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन के बाद उमा भारती ने कहा सिस्टम दुरुस्त होने से ही गंगा में गंदगी का प्रवाह रुकेगा। गंगा दर्शन के दौरान घाटों की साफ-सफाई को लेकर भी उन्होंने दिशा-निर्देश दिए। गंदगी पर खिन्नता जताई।
----------
पूर्वाचल में होगी छोटे उद्योगों की स्थापना : कलराज
केंद्रीय लघु उद्योग मंत्री कलराज मिश्र ने कहा पूर्वाचल में जल्दी ही छोटी-छोटी औद्योगिक इकाइयों की स्थापना की जाएगी। यही नहीं पहले से चल रहे बीमार उद्योगों को सरकार संजीवनी देकर उनके उत्थान की दिशा प्रशस्त करेगी। सरकार कुटीर उद्योग को हर घर में विकसित करना चाहती है। इसके लिए योजना भी बनाई जा रही है। मां विंध्यवासिनी देवी के दर्शन-पूजन के बाद उन्होंने कहा कि पूरे देश में जनधन योजना के तहत खाते खोले जा रहे हैं। कोशिश है कि एक-एक व्यक्ति का खाता खोला जाए और सरकारी योजनाओं का लाभ उन्हें दिलाया जाय। मोदी सरकार रोजगार देकर देश को गरीबी से मुक्त करेगी। विंध्याचल के विकास के सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यहां के विकास के लिए सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
