केशव मौर्य की नियुक्ति के विरोध पर राजेश्वरी को बाहर का रास्ता
फूलपुर सांसद केशव प्रसाद मौर्य को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने का विरोध करने वाली महिला मोर्चा की जिला मंत्री राजेश्वरी पटेल को पार्टी ने आज निष्कासित कर दिया। उन्हें पद व पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से मुक्त कर दिया गया है।
लखनऊ। फूलपुर सांसद केशव प्रसाद मौर्य को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने का विरोध करने वाली महिला मोर्चा की जिला मंत्री राजेश्वरी पटेल को पार्टी ने रविवार को निष्कासित कर दिया। उन्हें पद व पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से मुक्त कर दिया गया है। काशी क्षेत्र इकाई अध्यक्ष लक्ष्मण आचार्य के निर्देश पर जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष सुमन गोस्वामी ने यह कार्रवाई की। उन्होंने चेतावनी दी है कि आगे भी अगर संगठन नेतृत्व के फैसले पर कोई प्रश्नचिह्न लगाएगा तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इलाहाबाद भाजपा महिला मोर्चा मंत्री राजेश्वरी पटेल ने शनिवार को केशव को अध्यक्ष बनाने का विरोध करते हुए पद से इस्तीफा दे दिया था। उनका कहना था कि प्रदेशाध्यक्ष बनाए गए केशव आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति हैं। इससे भाजपा को विधानसभा चुनाव में नुकसान होगा। काशी क्षेत्र अध्यक्ष लक्ष्मण आचार्य ने कहा कि राजेश्वरी के आरोप निराधार हैं, उनका बयान अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है, इसलिए यह कार्रवाई की गई है। भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य 13 अप्रैल को इलाहाबाद आएंगे। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद गृह जिले में यह उनका पहला आगमन होगा, इससे कार्यकर्ता काफी उत्साहित हैं।