योग के जरिए विश्व में नया जॉब मार्केट तैयार, प्रशिक्षकों की मांग बढ़ी
योग के कारण पूरा विश्व भारत से जुडऩे लगा है। सभी देशों में योग प्रशिक्षकों की मांग बढ़ी है। योग के जरिए विश्व में नया जॉब मार्केट तैयार हो रहा है।
लखनऊ (जेएनएन)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज योग की यात्रा और उसके महत्व का पाठ पढ़ाया। कहा कि विश्व के अनेक देश हमारी भाषा और संस्कृति से परिचित नहीं हैं लेकिन, योग के कारण पूरा विश्व भारत से जुडऩे लगा है। संयुक्त राष्ट्रसंघ की मंजूरी के बाद दुनिया के सभी देशों में योग प्रशिक्षकों की मांग बढ़ी है। योग के जरिए विश्व में नया जॉब मार्केट तैयार हो रहा है।
यह भी पढ़ें: योग दिवस पर गांवों में विशेष सफाई, पतंजलि जन्मस्थली पर बेघर योग
तीसरे अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर प्रधानमंत्री मोदी योग करने से पहले बुधवार की सुबह रमाबाई अंबेडकर मैदान में लोगों को संबोधित कर रहे थे। कहा कि आज दुनिया का शायद ही कोई देश होगा जहां पर योग के प्रति आकर्षण न बढ़ा हो। तीन वर्षों में नए-नए योग इंस्टीट्यूट विकसित हुए हैं और बड़ी संख्या में योग टीचरों की मांग बढ़ी है। मोदी ने योग से युवाओं को जोड़ते हुए कहा कि नौजवान योग को प्रोफेशन के रूप में स्वीकार कर रहे हैं। सारी दुनिया में भारत के लोगों की पहली प्राथमिकता रहती है।
तस्वीर-रामपुर में मुस्लिम महिलाओं का योगाभ्यास
विश्व भर के स्कूलों में बालकों को योग की शिक्षा मिले, योग से जुड़ें और धीरे-धीरे यह जीवन का हिस्सा बन जाए, उस दिशा में जागरूकता बढ़ती चली गई है। मोदी ने कहा कि देश के कई राज्यों ने योग को शिक्षा का एक उपक्रम बनाया है। देश और दुनिया के लोगों से योग को जीवन का हिस्सा बनाने का आग्रह करते हुए मोदी ने कहा कि हम योग के मास्टर बनें या न बनें लेकिन, हम इसके अभ्यासु बन सकते हैं। पहली बार योग करते तब पता चलता है कि शरीर के अनेक सुसुप्त अंग जागृत हो गए हैं। कहा कि हमें घंटों नहीं 50-60 मिनट ही योग करने की जरूरत है। योग कार्यक्रम में मोदी के साथ राज्यपाल राम नाईक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डॉ. दिनेश शर्मा, आयुष राज्य मंत्री धर्म सिंह सैनी और केंद्रीय आयुष मंत्री श्रीपाद येशो नाईक भी मौजूद थे।
तस्वीरों में देखें-योग के आसनों पर जमा यूपी
नमक की तरह जीवन में बनाएं योग का स्थान
मोदी ने कहा कि मैं बड़ी सरल भाषा में कहता हूं कि जैसे भोजन में नमक का स्थान होता है। नमक न होने से स्वाद बिगड़ जाता है वही भूमिका योग की है। जैसे जीवन में नमक का स्थान है, वैसा ही योग का स्थान भी हम बना सकते हैं। मानवीय विचारों के कारण जो संकट पैैदा होते हैं, उन संकटों से भी योग के जरिये हम मानव जाति की रक्षा कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें: योग से भारत को दुनिया की महाशक्ति के रूप में स्थापित करने की चाह
देश और विश्व को बधाई
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर मोदी ने विश्व भर के योग प्रेमियों को बधाई दी। कहा, विश्व के सभी देश जिस उमंग के साथ जुड़े हैं उनका अभिनंदन करता हूं। देश भर में योग कर रहे लोगों को भी उन्होंने शुभकामना दी।
झमाझम बारिश के बीच योग के लिए आए लोग योग मैट को सिर पर ढंके थे। मोदी ने कहा कि मन के साथ जीने की कला योग से सीखने को मिलती है। लखनऊ के लोग यह संदेश दे रहे हैं कि जीवन में योग का तो महत्व है ही, लेकिन अगर बारिश आ जाए तो योग मैट का कैसे उपयोग हो सकता है। लगातार बारिश के बीच आप यहां डटे हैं और यह प्रयास अभिनंदनीय है।