आदित्य हत्याकांड के मुख्य आरोपित के ढाबे पर चला JCB, गिराया अवैध निर्माण Raebareli News
रायबरेली जेसीबी की मदद से अतिक्रमण के दायरे में पाया गया गिराया गया सोमू ढाबे का अवैध निर्माण। ढाबे के मालिक सुरेश यादव सहित कई लोगों पर मुकदमा हुआ। अब तक सात आरोपी जेल भेजे गए।
रायबरेली, जेएनएन। जिले में अवैध तरीके से बनवाये गए ढाबा संचालकों पर बुधवार को जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की। जेसीबी की मदद से अतिक्रमण के दायरे में पाया गया विवादित सोमू ढाबे का अवैध निर्माण गिरा दिया गया। जिला अधिकारी नेहा शर्मा के आदेश के बाद प्रशासन हरकत में आया और एसडीएम शशांक त्रिपाठी के साथ भारी मात्रा में पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।
बता दें, इस सोमू ढाबा का मालिक जिले के चर्चित आदित्य सिंह हत्याकांड का मुख्य आरोपित है, जो जेल में बंद है। मृतक के परिजनों ने ही तालाब की जमीन पर होटल बना होने की शिकायत जिलाधिकारी से की थी, जो जांच में पुष्ट न हुई।
ये है पूरा मामला
दरअसल, नौ अक्टूबर की रात अमावा ब्लाक के रहने वाले आदित्य सिंह की हत्या कर दी गई थी। मामले की शुरुआत सोमू ढाबा से ही हुई थी। आदित्य अपने साथियों के साथ भोजन करने सोमू ढाबा गया था। वहां किसी बात को लेकर होटल प्रबंधन से उसका विवाद हो गया। जिसके बाद मारपीट की घटना हुई। अगले दिन सुबह आदित्य का शव लहुलूहान अवस्था में हरचंदपुर थानाक्षेत्र में पड़ा मिला था। मामले में सोमू ढाबा मालिक सुरेश यादव सहित कई लोगों पर मुकदमा हुआ। जिसके बाद पूरे जिले में धरना-प्रदर्शन, कैंडल मार्च का दौर चला। वहीं, भाजपा नेता से लेकर विधायक तक मृतक आदित्य के घर पहुंचे। मामले की जांच कराने व दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया।
यह भी पढ़ें: आदित्य हत्याकांड: मुख्य आरोपित ढाबा मालिक गिरफ्तार, पीट-पीटकर उतारा था मौत के घाट
सात आरोपी जेल भेजे गए
वहीं, इसी प्रकरण में 14 तारीख की रात एडीजी एलओ पीवी रामा शास्त्री जिले में पहुंचे। उन्होंने गिरफ्तारी के लिए अफसरों को चेताया। बीते दिन यानी 15 अक्टूबर को मामले में सात आरोपी जेल भेजे गए।