यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 17, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
राममंदिर बिल लाए वरना 18 अक्टूबर से आंदोलन
- अयोध्या में होगा रामभक्तों का जमावड़ा, 25 से चौरासी कोसी यात्रा आरम्भ- विहिप नेताअ

जाब्यू, लखनऊ : लोकसभा चुनाव से पूर्व विश्व हिंदू परिषद ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। शनिवार को विहिप संरक्षक अशोक सिंहल के नेतृत्व में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव व सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव से मिले प्रतिनिधिमंडल ने 25 अगस्त से शुरू चौरासी कोसी यात्रा में किसी प्रकार का प्रशासनिक व्यवधान उत्पन्न नहीं होने देने की बात कही और राम मंदिर निर्माण में सहयोग मांगा। उन्होंने 18 अक्टूबर से पहले संसद में बिल लाने की सरकार को चेतावनी दी।
मुलाकात के बाद विश्व संवाद केंद्र पर आयोजित पत्रकार वार्ता में सिंहल ने वार्ता सकारात्मक होने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री और सपा प्रमुख अब मंदिर विवाद को लम्बा लटकाने के पक्ष में नहीं हैं। यात्रा मार्ग को लेकर उन्होंने जरूर कुछ एतराज दर्ज कराया तो विहिप नेताओं की ओर से टकराव न करने का आश्वासन दिया गया। सिंहल का कहना था कि यात्रा 25 अगस्त से शुरू होकर 13 सितंबर तक चलेगी। जिसका पहला पड़ाव बस्ती जिले के मखौड़ा गांव में होगा, जहां दशरथ ने पुत्रेष्टि यज्ञ कराया था। यात्रा समापन पर अयोध्या में भव्य समारोह होगा। सिंहल ने कहा कि चौरासी कोसी क्षेत्र में इस्लामिक सेंटर जैसा कोई भी निर्माण बर्दास्त नहीं करने की भावना से मुख्यमंत्री और सपा प्रमुख को अवगत करा दिया है।
इस मौके पर मौजूद स्वामी चिन्मयानंद ने विहिप के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राममंदिर निर्माण कोर्ट के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता। हाई कोर्ट का फैसला आने के बाद राम जन्मभूमि को लेकर कोई विवाद नहीं रहा है। अब कानून के जरिए मंदिर निर्माण हो और इसके लिए संसद में विशेष बिल शीघ्र ही लाया जाए। विहिप ने लगभग 400 सांसदों से सम्पर्क साध कर उनकी व्यक्तिगत सहमति ले ली है। ऐसे में सत्तारूढ दल का दायित्व बनता है कि अगले सत्र में मंदिर निर्माण के लिए बिल पेश करे। उन्होंने चेताया कि सरकार 18 अक्टूबर से पहले बिल नहीं लाएगी तो देश में एक लाख स्थानों पर संकल्प दिवस के जरिए करोड़ों हिंदू मंदिर निर्माण की शपथ लेंगे और अयोध्या में लाखों रामभक्तों का जमावड़ा होगा। सरकार लम्बे आंदोलन के लिए तैयार रहे।
-----
मोदी हिंदू जनमानस की अपेक्षा पूरी करेंगे
राममंदिर निर्माण का संसद में बिल लाने के लिए भाजपा की भूमिका के सवाल पर स्वामी चिन्मयानंद ने बताया कि महाकुंभ के दौरान संतों को भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने पूर्णसमर्थन का आश्वासन दिया था। नरेंद्र मोदी की मंदिर आंदोलन में भूमिका के प्रश्न पर चिन्मयानंद ने कहा कि मोदी हिंदू जनमानस की अपेक्षाओं को जरूर पूरा करेंगे। उन्होंने बताया कि 31 मई को विहिप प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति से मुलाकात कर संवैधानिक प्रमुख होने के नाते हस्तक्षेप करने की मांग की थी।
चुनावी माहौल को गर्माने में लगे विहिप नेताओं ने स्पष्ट किया कि राममंदिर मुद्दे को लेकर प्रधानमंत्री अथवा केंद्र सरकार के किसी मंत्री से जल्द मुलाकात करने की कोई योजना नहीं है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
