यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 20, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
ग्रीनपार्क रणजी मैच ड्रा, कर्नाटक अंतिम आठ में, उप्र बाहर
पहली पारी में बढ़त के आधार पर कर्नाटक तीन अंक लेकर प्रतियोगिता के अंतिम आठ में पहुंच गया और उप्र की टीम बाहर हो गई।

कानपुर (जेएनएन)। रणजी ट्राफी मैच के चौथे दिन सोमवार को यहां ग्रीनपार्क स्टेडियम में कर्नाटक ने फिर अपना दबदबा दिखाया और उप्र के खिलाफ चाय के समय से पहले ही दोनों सलामी बल्लेबाजों मयंक अग्रवाल और एस समर्थ ने शतक ठोंक दिए। मैच ड्रा रहा। पहली पारी में बढ़त के आधार पर कर्नाटक तीन अंक लेकर प्रतियोगिता के अंतिम आठ में पहुंच गया और उप्र की टीम बाहर हो गई।
इससे पहले उप्र की टीम रविवार के स्कोर में 88 रन का इजाफा कर 331 रन पर सिमट गई। उप्र ने अपने रविवार के स्कोर 243 रन पांच विकेट के आगे खेलना शुरू किया। रिंकू सिंह अपने निजी स्कोर में 16 रन और जोड़े तथा 73 रन पर गोथम की गेंद पर निश्चल को कैच थमा बैठे। इसके बाद उप्र टीम का कोई भी बल्लेबाज बड़ा स्कोर नहीं कर सका। पूरी टीम लंच के पहले ही 15 ओवर में 88 रन बनाकर आउट हो गई। पहली पारी में 324 रनों की लीड लेकर चल रही कर्नाटक की टीम दूसरी इनिंग में भी मजबूत शुरुआत की।
समर्थ और मयंक ने अपने शतक पूरे किए। रैना ने गेंदबाजी में सारे प्रयोग कर डाले, मगर किसी भी गेंदबाज को सफलता नहीं मिली। समर्थ 126 और मयंक अग्रवाल 133 ने दूसरी पारी 59 ओवर खेलकर 262 रन बनाते हुए नाबाद रहे। कर्नाटक की टीम ने 586 रन की लीड ली। चौथे दिन के खेल में अंतिम एक घंटे के अनिवार्य ओवरों के पहले दोनों टीम के कप्तानों की सहमति से अंपायरों ने मैच समाप्ति की घोषणा कर दी। पहली पारी में तेजी से 238 रन बनाने वाले कर्नाटक के बल्लेबाज मनीष पांडे मैन ऑफ द मैच रहे।
कर्नाटक के 26 और यूपी को पांच अंक
पहली पारी के आधार पर उप्र को एक और कर्नाटक को तीन प्वांइट मिले। अपना अंतिम मैच खेल रही यूपी टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई है और कर्नाटक की टीम क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर गई। ग्रुप ए की टीमों में कर्नाटक की टीम 26 अंक लेकर नंबर एक, 24 अंक लेकर दिल्ली दूसरे, 15 अंक लेकर हैदराबाद तीसरे, 14 अंक लेकर रेलवे चौथे, 10 अंक लेकर महाराष्ट्र पांचवें, 5 अंक लेकर उप्र छठवें और 2 अंक लेकर असम सातवें स्थान पर है।
उप्र टीम का निराशा जनक प्रदर्शन : गोपाल शर्मा
मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में उप्र टीम का कोई भी खिलाड़ी नहीं आया। उनके स्थान पर आए टीम डायरेक्टर पूर्व क्रिकेटर गोपाल शर्मा ने उप्र की टीम के प्रदर्शन पर निराशा जताते हुए कहा कि टीम में बदलाव की आवश्यकता है। इसके साथ ही ट्रायल और चयन प्रक्रिया को भी बदलना होगा। जो ट्रायल अभी 50 ओवर में होता है वह कम से कम तीन से चार दिन तक होना चाहिए। इससे ही खिलाडिय़ों की असल क्षमता सामने आ सकेगी। यूपी का इतना खराब प्रदर्शन मैंने पहले कभी नहीं देखा। अधिकांश सीनियर प्लेयर परफार्म नहीं कर पा रहे हैं और ओपनिंग जोड़ी भी नहीं चल पायी है।
