विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 29, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

नोएडा में पुलिस के सामने दलितों पर कहर

By Edited By:
Published: Tue, 29 Apr 2014 08:00 PM (IST)

गौतमबुद्धनगर। भूमि विवाद में हत्या के बाद कनावनी गांव में बीती रात हथियारबंद उपद्रवियों ने पुलिस क

News Article Hero Image

गौतमबुद्धनगर। भूमि विवाद में हत्या के बाद कनावनी गांव में बीती रात हथियारबंद उपद्रवियों ने पुलिस के सामने दलितों पर कहर बरपाया। वह दलित कॉलोनी में घुस गए और दर्जनों राउंड फायरिंग की। दलितों के एक घर व एक पब्लिक स्कूल को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया। उनके घरों में घुसकर मारपीट की और किराएदारों को भगा दिया। दलित कॉलोनी के बिजली के खंभे उखाड़ कर तार तोड़ डाले। पुलिस मूकदर्शक बनी रही। बाद में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर एक जेसीबी जब्त की। गांव में माहौल काफी तनावपूर्ण है। दलित पक्ष के लोग गांव से पलायन कर गए हैं और दूसरा पक्ष गांव में घूम घूम कर उपद्रव कर रहा है। गांव में पुलिस तैनात है लेकिन एक निश्चित स्थान तक सीमित है।

बीती रात पुश्ते के पास तांडव मचाया गया, वहां किसी पुलिसकर्मी की ड्यूटी नहीं थी। कल सुबह कनावनी में जमीनी विवाद में ग्राम प्रधान जगवती देवी के भतीजे राहुल की मौत के बाद सोमवार देर रात को 50 से अधिक हथियारबंद उपद्रवी पुश्ते के पास दलित कॉलोनी में पहुंचे। दो जेसीबी, डंपर के साथ पहुंचे इन लोगों ने पहले जमकर फायरिंग कर दहशत फैलाई। इसके बाद स्कूल व घर को जेसीबी से तहस-नहस कर दिया। सिद्धार्थ पब्लिक स्कूल गांव के ही सुभाष चंद्र सिद्धार्थ चलाते हैं और इसमें सैकड़ों बच्चे पढ़ते हैं। सिद्धार्थ फिलहाल गांव से बाहर हैं।

सिद्धार्थ पब्लिक स्कूल में जेसीबी से तोड़-फोड़ करने के साथ स्कूल में मौजूद गार्ड व चपरासी के साथ मारपीट की और उससे मोबाइल व पर्स लूट लिए। दोनों मदद के लिए चिल्लाते रहे लेकिन कोई उनकी मदद के लिए नहीं आया। उपद्रवियों ने मारपीट कर दोनों को भगा दिया गया।

अवैध असलहों से फायरिंग

कनावनी गांव में बीती रात अवैध असलहे से फायरिंग हुई। कनावनी गांव में कुल 17 लाइसेंसी असलहे हैं और चुनाव के दौरान 15 असलहे जमा करा लिए गए हैं। गांव में दो असलहे बचे हैं। बस दो असलहे से ही इतनी गोलियां सोमवार रात व दिन में चलाई गर्इं, ऐसा मुमकिन नहीं है। हालांकि पुलिस इस पर मौन है।

अपराधी बख्शे नहीं जाएंगे

एसएसपी गौतमबुद्धनगर डा. प्रीतिंदर सिंह ने बताया कि बीती रात घटना के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक जेसीबी जब्त की गई है। घटनास्थल के पास पुलिस व पीसीआर को तैनाती की गई है। लोगों से अपील है कि वह अफवाहों पर ध्यान न दें। किसी भी कीमत पर इन घटनाओं में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।