विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 07, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

उत्तर प्रदेश में बनेगी भाजपा की सरकार : अमित शाह

By Ashish MishraEdited By:
Published: Tue, 07 Jun 2016 10:20 AM (IST)Updated: Tue, 07 Jun 2016 03:17 PM (IST)

अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 2017 में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने से कोई रोक नहीं सकता है।

News Article Hero Image

लखनऊ (जेएनएन)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को भरोसा है कि 2017 में उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी। अमित शाह आज कासगंज में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 2017 में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने से कोई रोक नहीं सकता है। देश में परिवर्तन के लिए इच्छुक जनता ने उत्तर प्रदेश से भाजपा को 73 सांसद दिए हैं। अब विधायक देने की बारी है। हमने दो वर्ष के कार्यकाल में हर वर्ष का लगातार हिसाब दिया है जबकि उत्तर प्रदेश की समाजवादी पार्टी सरकार पांच वर्ष बाद भी किसी काम का हिसाब नहीं दे पा रही है। केंद्र सरकार पर दो वर्ष में भी भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा है। यह तो हमारा वादा है कि उत्तर प्रदेश की जनता को अब भ्रष्टाचार विहीन सरकार मिलेगी। हमने केंद्र में तो भ्रष्टाचार विहीन शासन देने का काम किया है। अब प्रदेश को भी इसका लाभ मिलेगा।

अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश की अखिलेश यादव की सरकार की नीयत में खोट है। यह विकास का काम करना ही नहीं चाहते हैं। हमने दो वर्ष के दौरान नौ हजार गांवों में अभी तक बिजली देने का काम किया है। भाजपा शासित हर राज्य में 24 घंटे बिजली मिल रही। उत्तर प्रदेश में पांच वर्ष के कार्यकाल में भी समाजवादी पार्टी की सरकार गांवों तक बिजली नहीं पहुंचा सकी। यहां पर लैपटॉप योजना का लाभ एक जाति तथा समुदाय को मिला। यह साबित हो चुका है कि समाजवादी पार्टी सिर्फ जाति विशेष के लिए काम कर रही है।

अमित शाह ने कहा कि केंद्र सरकार गरीबों के लिए योजनाएं चला रही है। हम गरीब तथा कमजोर लोगों को हर तरह से मजबूत बनाना चााहते है, जिससे देश मजबूत बनेगा। अब तो उत्तर प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी के झांसे में नहीं आएगी।

अमित शाह ने कहा कि यूपीए की सरकार में घोटाले व भ्रष्टाचार चरम पर हैं। मनमोहन सिंह की यूपीए सरकार ने धरती, पाताल,आसमान हर जगह पर जमकर भ्रष्टाचार किया। उन्होंने कहा कि हमने देश को सबसे अधिक बोलने वाला प्रधानमंत्री दिया है। प्रधानमंत्री बोलने के साथ ही लोगों की सुनते भी हैं, जिससे कि हर समस्या का समाधान आसानी से होता है। प्रधानमंत्री देश में कल्याणाकारी योजनाएं लेकर आए हैं। मोदी ने किसानों के लिए यूरिया का उत्पादन बढ़ाया है। पहले किसानों को यूरिया के लिए लाठियां मिलती थीं। अब तो उनको आसानी से यूरिया तथा अन्य सामान मिलता है।

अमित शाह ने कहा कि आज हमारे देश में सात करोड़ से अधिक गरीबों के बैंक में खाता है। अब तो बैंक गरीब के घर जा रही है। पहले गरीब खाता खोलने से घबराता था, उसको बैंक में जाने से दहशत होती थी। अब तो सब घर पर ही सुलभ है। देश के हर गरीब को प्रधानमंत्री जनधन योजना का लाभ मिल रहा है।

फूंका बूथ का मंत्र

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने आज कासगंज में मिशन 2017 के लिए ब्रज क्षेत्र में बूथ का मंत्र फूंका। ब्रज क्षेत्र के बूथ प्रभारियों के सम्मेलन से भाजपा की चुनावी रणनीति के संकेत भी निकले। बारह पत्थर मैदान पर बूथ सम्मेलन में 20 हजार से अधिक लोगों को अमित शाह ने मंत्र दिया।