यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 20, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अखिलेश ने कहा, भाजपा वाले नए धार्मिक माफिया
कानून व्यवस्था पर राज्य सरकार को आड़े हाथ लिया कि अपराधियों के एनकाउंटर के डर से कानून व्यवस्था ठीक हो ...और पढ़ें

लखनऊ (जेएनएन)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा वाले नए धार्मिक माफिया हैं। हम उनकी तरह मंत्र नहीं पढ़ते, पूजा का दिखावा नहीं करते लेकिन, सैफई में हनुमानजी की मूर्ति 100 साल से प्रतिष्ठित है। हम कृष्णजी की मूर्ति लगवा रहे हैं। हमारे यहां अच्छी नस्ल की सुन्दर गायें हैं। विकास कार्यों को लेकर भाजपा सरकार को फिर घेरा और कहा कि भाजपा के लोग सिर्फ उलझाना जानते हैं। ये लोग झूठ को भी पूरे आत्मविश्वास के साथ बोलते हैं।
राजधानी में एक कार्यक्रम के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पिछले आठ महीने के कार्यकाल में कोई एक काम किया हो तो बताएं। आठ महीने में 11 लाख आवास देने का मुख्यमंत्री का बयान हास्यास्पद और निराधार है। भाजपा को बताना चाहिए कि छह महीने से बालू मौरंग नहीं मिल रहे, फिर आवास कहां से बन गए। देश और प्रदेश के सामने सबसे बड़ा सवाल बेरोजगारी और किसानों की बदहाली का है। लेकिन, भाजपा सरकार दिखावे की राजनीति कर रही हैं।
समाजवादी दिखावे में भरोसा नहीं करते हैं। समाजवादियों का हमेशा से मानना है कि धर्म-आस्था व्यक्तिगत मामला है। इसको लेकर राजनीति नहीं होनी चाहिए। अखिलेश ने कहा कि राज्य सरकार के पास विकास का कोई एजेंडा नहीं है। गड्ढामुक्त सड़क के नाम पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया गया। समाजवादी पार्टी विपक्ष में रहते हुए सरकार पर दबाव बनाएगी कि जल्द से जल्द पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का काम शुरू किया जाए।
निकाय चुनावों का जिक्र किए जाने पर अखिलेश ने कहा कि जनता भाजपा के भ्रमजाल को जान गई है। इसका जवाब निकाय चुनाव में उन्हें सबक सिखा कर देगी। भाजपा के लोग कहते हैैं कि हमें 15 साल का कूड़ा और भ्रष्टाचार मिटाना है, जबकि लखनऊ, मुरादाबाद, गाजियाबाद में इन्हीं के मेयर थे। उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी राज्य सरकार को आड़े हाथ लिया कि अपराधियों के एनकाउंटर के डर से कानून व्यवस्था ठीक हो जानी चाहिए थी लेकिन, भाजपा के ही तीन नेताओं की हत्या नोएडा में हो गई।
