यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 29, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
प्रकोप : राजपुर-कोटरा में उल्टी-दस्त से महिला की मौत

तालबेहट (ललितपुर) : विकास खण्ड तालबेहट के ग्राम राजपुर-कोटरा में उल्टी दस्त के प्रकोप से एक महिला की मौत हो गयी, जबकि पाँच अन्य को गम्भीर हालत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया। गाँव में उल्टी-दस्त से ग्रसित मरीजों की संख्या 30 बतायी गई। फिलहाल चिकित्सकों के दल ने राजपुर कोटरा में डेरा डाल लिया है। वह गाँव में मरीजों का उपचार कर रहे है। बीमार लोगों में महिला, पुरुषों के साथ छोटे बच्चे भी शामिल है।
आसमान से बारिश न होने के चलते मौसम अब जानलेवा हो गया है। हालत यह है कि घर-घर में बीमार पड़े हुए है। अस्पतालों में मरीजों की संख्या निरन्तर बढ़ती जा रही है। उल्टी, दस्त, बुखार व डायरिया रोग से ग्रसित मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। एक-एक चिकित्सक कई-कई मरीजों को देख रहा है। बीमारी में महिला, पुरुषों के साथ ही छोटे बच्चे भी शामिल है। शहर में तो रोगी अपना इलाज करवा लेते है लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति विकट है। विकास खण्ड तालबेहट के ग्राम राजपुर-कोटरा में उल्टी दस्त ने अपना प्रकोप दिखाया है। यहाँ गाँव के करीब 30 लोग बीमारी से ग्रसित हो गए। सूचना पर तत्काल पहुची चिकित्सकों की टीम ने तत्काल उपचार शुरू किया और गम्भीर मरीजों को उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया। जिनमें 5 की हालत अत्यधिक खराब बतायी गयी है। वन्दना पत्नी दुर्जन (20) को करीब एक सप्ताह पूर्व बच्चा हुआ था। तभी से वह बुखार की चपेट में आकर बीमार हो गयी थी। धीरे-धीरे बुखार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया और आज उसने गाँव में दम तोड़ दिया। परिजन उसे लेकर जब अस्पताल पहुचे तो चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उल्टी दस्त की चपेट में आए ग्रामीणों के नाम दयाल पुत्र हरदा (65), राजकुमार पुत्र हरदा (6), सोमवती पुत्री दयाले (14), जयकुँवर पत्नी गनेश (22), लल्लू पुत्र जगन (25) बताए गए है। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका उपचार जारी है। गाँव में फैले उल्टी दस्त के प्रकोप से ग्रामीणों में दहशत है। वहीं चिकित्सकों के दल ने डॉ.कैलाश बाबू के नेतृत्व में डेरा डाला हुआ है। वह गाँव में हर स्थिति पर नजर रखे हुए है और ग्रामीणों को बचाव के लिए आगाह कर रहे है।
