यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 17, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
डायरिया से एक की मौत, दर्जन भर बीमार

ढखेरवा (लखीमपुर) : विकास खंड रमियाबेहड़ के गांव कटखौहा के मजरा बौरिया में फैले डायरिया से एक बच्चे की मौत हो गई। करीब एक दर्जन बच्चे बीमार भी हैं। इनमें से दो की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला मुख्यालय इलाज के लिए भेजा गया है।
विकास खंड के गांव कटखौहा के मजरा बौरिया में करीब एक हफ्ते से डायरिया का प्रकोप है। बुधवार की रात गया प्रसाद के 10 वर्षीय पुत्र नीरज की डायरिया से मौत हो गई। इसके अलावा सियाराम, दीपू, तेजू नंदराम, मुल्लू, धमेंद्र, सर्वेश, विक्रम, आशीष आदि करीब एक दर्जन बच्चे बीमार हैं। डायरिया से पूरे गांव में हड़कंप है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अध्यक्ष डॉ. आरआर वर्मा ने बताया कि कटखौहा में डायरिया की सूचना पाकर पांच सदस्यीय टीम भेजी गई है तथा मरीजों को दवाएं दी जा रही हैं। एक एएनएम तैनात कर दी गई है जो बच्चों की बराबर देखभाल करेगी। सियाराम व दीपू की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल इलाज के लिए भेजा गया है।
