यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 11, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
ठंड से पांच लोगों की मौत, अब तक दो दर्जन लोगों ने गंवाई जानें

लखीमपुर : सर्दी से लगातार हो रही मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है और प्रशासन है कि इन मौतों से अंजान बना हुआ है। वहीं दूसरी तरफ बुधवार रात पलिया क्षेत्र में एक और वृद्ध की ठंड से मौत हो गई। तीस दिसंबर से 10 जनवरी तक दो दर्जन लोगों की ठंड से मौत हो चुकी है। हैरानी की बात है कि वृद्ध की रैन बसेरे में मौत हुई और एसडीएम ने ही जिला मुख्यालय भेजा इसके बावजूद तहसील के रिकार्ड में ठंड से एक भी मौत दर्ज नहीं हुई है।
जानकारी के मुताबिक पलिया थाना क्षेत्र के सिकंदर (55) पुत्र रहीस का शव पलिया तहसील में बने रैन बसेरे में मिला। बताया जा रहा है कि सिकंदर रैन बसेरे में ठंड से बचने गया था, लेकिन रैन बसेरे में में न तो अलाव जल रहा था और न ही उसे कंबल मिला। इसके चलते उसकी मौत हो गई। रैन बसेरे में मौत की सूचना पर एसडीएम ने थाने में सूचना दी। इस पर सिपाही राजा राम ने सिकंदर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहा डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
निघासन संवादसूत्र के अनुसार चखरा गांव निवासी ओम प्रकाश पुत्र शिव प्रसाद की ठंड लगने से मौत हो गई। स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टरों ने ठंड से युवक की मौत की पुष्टी की है। ढखेरवा संवादसूत्र के अनुसार धौरहरा थाना क्षेत्र के मल्लबेहड़ निवासी कर्म अली पुत्र की ठंड लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कर्म अली सड़क किनारे झोपड़ी डालकर रह रहा था। गोला गोकर्णनाथ संवादसूत्र के मुताबिक बुधवार रात मुहल्ला ऊंची भूड निवासी ईश्वरचंद्र गुप्ता (62), लाल्हपुर निवासी चमेली (55) की ठंड से मौत हो गई। तहसील क्षेत्र में ठंड से हो रही गरीबों की मौतों के बाबजूद भी तहसील प्रशासन का दिल पसीजता नजर नही आ रहा है। यही नहीं तहसील प्रशासन गरीबों को ठंड से निजात दिलाने के लिए शासन से आए कंबल तक वितरित नही किए हैं। तहसील क्षेत्र में अब तक ठंड से छह मौतें हो चुकी है। 8 जनवरी को गोला रेलवे स्टेशन के टिकट विंडो के सामने एक 70 वर्षीय अज्ञात वृद्ध की मौत हो गई। सात जनवरी को कुकरा निवासी फुरकान अंसारी 48 की ठंड लगने से मौत हुई। फुरकान मैलानी के भट्ठे पर काम करता था। सात जनवरी को ही कुकरा निवासी साबिर अंसारी ने भी ठंड से हार मानकर जान गवां दी। छी जनवरी को गांव सौठन में 60 वर्षीय वृद्धा पत्नी हेमराज की ठंड लगने के कारण मौत हो गई। लेकिन इन मौतों से तहसील प्रशासन के कानों में जूं तक नहीं रेंगी। तहसील प्रशासन के किसी कर्मचारी, अधिकारी ने इन मौतों के कारणों को जानने का प्रयास भी नही किया। तहसीलदार ने बताया कि तहसील में तीन सौ कंबल बंटने हैं।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
