विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 07, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

ठंड से वृद्ध की मौत

By Edited By:
Published: Mon, 07 Jan 2013 03:11 AM (IST)Updated: Mon, 07 Jan 2013 10:27 AM (IST)

News Article Hero Image

लखीमपुर : बर्फीली हवा के साथ गिरता पारा नया रिकार्ड बनाने की डगर पर है। कुहासे के साथ गलन भरी ठंड से लोग दिनभर ठिठुरते रहे। रविवार को भी पसगवां थाना क्षेत्र में झोपड़ी में रहने वाले वृद्ध की ठंड से मौत हो गई। तराई में ठंड से मरने वालों की संख्या आधा दर्जन के पार पहुंच गई है। शनिवार की रात इस सर्दी की सबसे ठंडी रात रही। जिले में लगातार ठंड से मौतों का ग्राफ बढ़ रहा है और प्रशासन इन मौतों से अंजान बना हुआ है।

जंगबहादुरगंज संवादसूत्र के मुताबिक पसगवां थाना क्षेत्र के मस्तीपुर निवासी सुंदर पुत्र लोचन की रविवार को ठंड से मौत हो गई। सुंदर गांव में झोपड़ी डालकर रहता था। वह अपने परिवार का मजदूरी कर पालन पोषण करता था। पूरे सूबे में शीतलहर का प्रकोप है। मौसम विभाग की माने तो अगले दो दिनों तक कड़ाके की ठंड से निजात नहीं मिलेगी। कोहरे की मार से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। हैरत की बात है कि पिछले आठ दिनों में आठ गरीबों की ठंड लगने से मौत हो चुकी है, लेकिन प्रशासन के रिकार्ड में अभी एक भी मौत दर्ज नहीं हुई है। प्रशासन के बही खाते में ठंड से मरने वालों की मौत दर्ज न होना प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगा रहा है। हालांकि जिलाधिकारी मनीष चौहान लगातार अफसरों को क्षेत्र में अलाव जलाने के निर्देश दे रहे हैं, लेकिन उनके निर्देश भी हवा-हवाई साबित हो रहे हैं। ठंड को देखते हुए जिलाधिकारी ने स्कूलों की छुट्टी को 8 जनवरी तक बढ़ा दिया है। डीएम के बार-बार आदेशों के बावजूद किसी भी चौराहे पर अलाव की व्यवस्था नहीं है और न ही कंबल वितरण हो रहा है। जिलाधिकारी मनीष चौहान ने बताया कि एसडीएम व तहसीलदारों को क्षेत्र में अलाव जलाने के निर्देश दिए जा चुके हैं। अलाव जलाने में लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि अलाव की स्थिति जानने के लिए औचक निरीक्षण करेंगे।

----------

कब-कब ठंड से हुई मौतें :

30 दिसंबर : ओयल के जगतिया मुहल्ला निवासी राधिका (6) पुत्री छोटेलाल

3 जनवरी : ओयल के जुलाहनपुरवा निवासी जुबेदा (11) और समशुलनिशा (57)

4 जनवरी : खीरी के मुहल्ला बाजार निवासी साबिरा बेगम (55) पत्‍‌नी कासिम

5 जनवरी : खीरी के अरनीखाना मुहल्ला की सन्नों (22) पुत्री छेद्दू

6 जनवरी : पसगवां थाना क्षेत्र के मस्तीपुर निवासी सुंदर (65) पुत्र लोचन

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर