विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 23, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

कुशीनगर में इंसेफ्लाइटिस से नवोदय की छात्रा समेत तीन की मौत

By Edited By:
Published: Tue, 23 Sep 2014 01:18 AM (IST)

News Article Hero Image

कुशीनगर: जवाहर नवोदय विद्यालय की दसवीं की छात्रा सहित जिले में तीन बच्चों की इंसेफ्लाइटिस से मौत होने की खबर है। चेचक की चपेट में नवोदय विद्यालय के तमाम बच्चों के आ जाने से अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है।

मूल रूप से बलिया जनपद के बांसडीह निवासी शकील अहमद की 15 वर्षीय बेटी जूही परवीन कुशीनगर के जवाहर नवोदय विद्यालय के छात्रावास में रहकर शिक्षा ग्रहण कर रही थी। बताते हैं कि जूही बीते 8 सितंबर को बुखार की चपेट में आई। स्थानीय स्तर पर इलाज के बाद भी बुखार नहीं उतर रहा था। कुछ दिन बाद अचानक उसकी आवाज चली गई तो सूचना परिजनों को दी गई। विद्यालय प्रशासन व पिता की मौजूदगी में जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। सुधार न होने पर गोरखपुर मेडिकल कालेज ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान सोमवार की सुबह परवीन की मौत हो गई। पिता का आरोप है कि बेटी का इलाज मुकम्मल ढंग से कराया गया होता तो उसकी मौत नहीं होती।

विद्यालय के छात्र विशाल, गौरव, इरशाद, अभिषेक, विक्रांत, नितीश आदि टाईफायड की चपेट में हैं। अंकित, आनंद आदि बच्चे चर्म रोग की चपेट में हैं। बच्चों ने विद्यालय परिसर में गंदगी, लचर सफाई व्यवस्था पर चिंता जाहिर कर शुद्ध पेयजल न मिलने की शिकायत की है।

दूसरी ओर नवोदय विद्यालय के दर्जन भर बच्चे चेचक (चिकेन पाक्स) की चपेट में आ चुके हैं। चपेट में आने वालों को छात्रावास से घर भेज दिया गया है। इससे अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। इस बाबत प्राचार्य तेज सागर ने कहा कि बच्चों का इलाज कराया जा रहा है।

दुदही संवाददाता के अनुसार स्थानीय विकास खंड के ग्राम पंचायत मछरियां दलजीत कुंवर में सोमवार को जेई के चपेट में आने से सिंधू पुत्री व्यास 8 वर्ष की जिला व संयुक्त चिकित्सालय में इलाज के दौरान मौत हो गई।

मेला नगरी संवाददाता के अनुसार सदर विकास खंड के स्थानीय तीन वर्षीय बच्चे की सोमवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में भय बना हुआ है।

बताया जाता है कि उक्त गांव निवासी रामेश्वर प्रजापति के तीन वर्षीय बच्चे की अचानक रविवार को तेज बुखार व उल्टी दस्त शुरू होने से घबराए परिजन आनन-फानन उसे संयुक्त जिला अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने बच्चे की हालत गंभीर बताते हुए मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। बताते हैं कि सोमवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मेडिकल कालेज में मौत हो गई। इंसेफेलाइटिस से हुई मौत की खबर मिलते ही ग्रामीण बीमारी के पांव पसारने की आशंका को लेकर भयभीत हैं।