यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 27, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
इंसेफेलाइटिस से एक की मौत, दो बीमार

कुशीनगर: मोतीचक विकास खंड के ग्राम सभा सोढ़रा में एक ही परिवार के दो बच्चे इंसेफेलाइटिस के बीमारी से पीड़ित हैं। जबकि बीमारी के कारण एक बच्चे की मौत हो चुकी है।
गांव के निकेश पुत्र बेगलाल की डेढ़ माह की पुत्री खुशी को दो सप्ताह पूर्व तेज बुखार के साथ झटका आने लगा। परिजन उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज ले गए, जहां से मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। लगभग 10 दिन तक मेडिकल कालेज में इलाज के बाद वह घर आई तो दूसरे दिन ही मौत हो गई। उसी परिवार की 20 वर्षीय प्रमिला पुत्री बेग लाल व ढाई वर्षीय शिवम भी तेज बुखार की चपेट में हैं। घर में एक बच्ची की मौत होने तथा दो के बीमारी के चपेट में होने के कारण परिजनों के होश उड़े हुए हैं। वहीं आसपास के लोग भी इस संक्रामक बीमारी के फैलने से आशंकित हैं। प्रधान लालजी मिश्र का कहना है कि लोहिया समग्र गांव में चयनित है। बार बार उच्चाधिकारियों को प्रार्थना पत्र देने के बाद भी पेयजल की समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। प्रभारी चिकित्साधिकारी सीएचसी मोतीचक डा. ए के चौधरी का कहना है कि गांव में क्लोरीन की गोलियां भेजी गई हैं। फागिंग की व्यवस्था भी कराई जा रही है।
