यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 05, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अवैध संबंधों के चक्रव्यूह में उलझी मर्डर मिस्ट्री
करारी, कौशांबी : भैला मकदूमपुर के राजेश हत्याकांड में पुलिस जहां से चली थी वहीं पर आकर ठहरी हुई है।

करारी, कौशांबी : भैला मकदूमपुर के राजेश हत्याकांड में पुलिस जहां से चली थी वहीं पर आकर ठहरी हुई है। पुलिस ने घटना में नामजद किए गए लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की लेकिन खुलासे को बल नहीं मिल पा रहा है। अब तक की छानबीन में पूरा मामला अवैध संबंध पर आकर टिक रहा है।
करारी थाने के भैला गांव निवासी राजेश (24) पुत्र बृजलाल की 20 अगस्त की रात उसके घर के बाहर धारदार हथियार से हमलाकर हत्या कर दी गई थी। घटना के वक्त राजेश की पत्नी घर के अंदर सोई थी जबकि राजेश दरवाजे के ड्योढ़ी पर सिर रखकर सो रहा था। पत्नी का कहना था कि एक ही परिवार के चार सगे भाइयों ने उसके पति की हत्या की है। जिन लोगों को आरोपी बनाया गया उनमें उनके सबसे छोटे भाई के खिलाफ तहरीर नहीं दिया गया है। अब चर्चा है कि जिन लोगों को आरोपी बनाया गया है उन्ही के परिवार की एक महिला से राजेश की गहरी दोस्ती थी। इसके अलावा राजेश का एक दोस्त भी शक के घेरे में है। उसकी पत्नी भी भाग चुकी है। दोस्त का कहना है कि राजेश मोबाइल रखता था लेकिन राजेश के घरवालों की माने तो उसने कभी मोबाइल अपने पास नहीं रखा। पुलिस ने दोस्त से उसके फोन के बारे में पूछा तो उसने कहा कि वह मोबाइल का यूज नहीं किया करता है। इतना ही नहीं राजेश अक्सर अपनी पत्नी को पीटा करता था। पिटाई के पीछे राजेश को शक था कि उसकी पत्नी का परिवार के ही एक बुजुर्ग से अवैध रिश्ता है। इस मामले में पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की लेकिन खुलासे को कोई बल नहीं मिला। पुलिस ने नामजद किए गए एक आरोपी को सात दिन से हिरासत में ले रखा है लेकिन वह भी कोई खास क्लू नहीं दे सका है। ऐसे में पुलिस की उलझन उस अवैध रिश्ते को सुलझाने में बनी है जिसकी वजह से वारदात का तानाबाना बुना गया था।
.
क्या कहती है पुलिस
परिवार के लोग भी घटना के बाबत स्पष्ट नहीं कर पा रहे हैं। कई पहलू से मामले की जांच की जा रही है। जांच के दौरान जो भी क्लू सामने आएंगे, उसके हिसाब से कार्रवाई की जाएगी।
दिनेश यादव, इंस्पेक्टर करारी
