यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 01, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सरायअकिल में बुखार से बालक की मौत

सरायअकिल,कौशांबी : सरायअकिल में बुखार जानलेवा साबित होने लगा है। सोमवार को कस्बे के भगौतीगंज मुहल्ले में बुखार से पीड़ित एक मासूम की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक बच्चे अभी भी बीमारी की गिरफ्त में हैं। इससे कस्बे में हड़कंप मचा हुआ है। सूचना के बाद भी स्वास्थ्य महकमा अनजान बना है।
सरायअकिल कस्बे में सप्ताह भर से रहस्यमय बीमारी ने अपना पैर पसार रखा है। इसकी चपेट में आकर कस्बे के कई बच्चे बीमार हैं। तेज बुखार व बदन दर्द के बाद पीड़ितों की हालत बिगड़ जाती है। मौली में बुखार से छह मौतों के बाद सरायअकिल कस्बे में इस बीमारी ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। सोमवार को भगौतीगंज मुहल्ला निवासी बबलू साहू के छह वर्षीय बेटे अनुज की बुखार के कारण मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि कई दिनों से अनुज बीमार चल रहा था। काफी इलाज के बाद भी उसकी हालत में सुधार नहीं आया। वहीं छोटा बेटा छोटू भी कई दिनों से बीमार चल रहा है। मुहल्ले के ही रोजे अली के बेटे गोलू व अशोक केशरवानी की बेटी रोमा समेत आधा दर्जन बच्चे बीमारी की चपेट में हैं। कस्बावासियों का कहना है कि इस बीमारी की सूचना स्वास्थ्य विभाग के अफसरों को दी गई है, लेकिन अब तक कोई भी कर्मी इलाज के लिए नहीं पहुंचा है।
