यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 24, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
रहस्यमय बुखार से तीन दिन में छह मौतें

कौशांबी : तहसील क्षेत्र के मौली गांव में रहस्यमय बुखार ने तीन दिन के भीतर छह लोगों को मौत की नींद सुला दिया। जानकारी होने पर इलाज करने पहुंची डॉक्टरों की टीम ने गांव के दर्जनों बीमार बच्चों का परीक्षण कर दवा बांटी और बीमारी को वायरल फीवर बताया। मृतक बच्चों के परिजन शोक में डूबे हैं। वहीं लगातार हो रही मौतों से गांव के लोगों में दहशत का माहौल है।
मौली निवासी भइयालाल खेती करके परिवार का पालन-पोषण करता है। उसके 17 वर्षीय बेटे सुरेंद्र की सप्ताह भर पहले तबियत बिगड़ गई। तेज बुखार के साथ बदन दर्द से सुरेंद्र बेहाल था। काफी इलाज के बाद भी राहत नहीं मिली और शनिवार को उसने दम तोड़ दिया। परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। वहीं इस रहस्यमय बीमारी से पीड़ित संतोष की तीन वर्षीय बेटी, रामचंद्र पुत्र हरीलाल, मरिया पुत्री प्रेमचंद्र ने रविवार की सुबह दम तोड़ दिया। ग्रामीणों ने बताया कि इस बीमारी के चलते शुक्रवार को गांव के ही रवि कुमार व रविशंकर के बेटे राममिलन व छोटे की मौत हो चुकी है। लगातार हो रही मौत से पूरा गांव दहशतजदा है। वहीं रामविशाल, सुनीता, अन्नू, अपेक्षा, अखिलेश समेत दर्जनों बच्चें बीमार है।
ग्रामीणों की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के हाथपांव फूल गए। रविवार की शाम को सीएमओ राजकुमार मिश्र गांव पहुंचे। गांव का निरीक्षण करने के बाद ग्रामीणों से पूछताछ की। इसके बाद चिकित्सकों की टीम से बीमार बच्चों का परीक्षण कराकर दवा वितरित कराई गई।
----------------
सूचना मिलने पर गांव का निरीक्षण किया है। बुखार से तीन लोगों की मौत हुई है। एक की मौत टीबी से हुई है। इनके अलावा गांव के दो अन्य लोग सामान्य मौत से मरे हैं। गांव में डॉक्टरों की टीम लगा दी गई है। बीमार लोगों को दवा वितरित कराई जा रही है।
-आर के मिश्र, सीएमओ
