यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 15, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
डेंगू प्रभावित गांवों में पहुंची टीम

कौशांबी : डेंगू से हो रही लगातार मौतों के बाद स्वास्थ्य विभाग टीम सक्रिय हो गई है। शुक्रवार को सीएमओ के निर्देश पर चलौली गांव में टीम ने जांच पड़ताल करने के साथ नाली व नालियों में डेंगू के लारवा का निरीक्षण किया। इसके बाद डाक्टरों ने गांव में दवाई का छिड़काव करने का निर्देश दिया।
डेंगू से अब तक जनपद में चार मौतें हो चुकी हैं। चायल ब्लाक प्रमुख व सपा नेता अमित सिंह उर्फ सोनू की बहन सुशीला देवी की भी डेंगू से मौत हो चुकी है। सुशीला देवी के पति भी डेंगू से पीड़ित थे। उनका इलाज चल रहा है। इसके अलावा मवई के महाविद्यालय प्रबंधक जानू सिंह की भी इलाज के दौरान इलाहाबाद में मौत हो चुकी है। इनके अलावा भरवारी व अझुवा में दो की मौत हुई है। लगातार हो रही मौतों से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। चायल ब्लाक प्रमुख अमित सिंह उर्फ सोनू ने बहन की मौत पर स्वास्थ्य विभाग को जिम्मेदार ठहराते हुए मोर्चा खोल दिया। नतीजतन स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया। शासन से निर्देश मिला है कि जहां-जहां डेंगू से मौतें हुई है वहां जांच कराई जाए। इसके बाद सीएमओ डा. केएल वर्मा के निर्देश पर शनिवार को डाक्टरों की टीम चलौली गांव पहुंची। पूरे का निरीक्षण करने के बाद नाली व नालियों में डेंगू मच्छरों के लारवा के जांच की। सैंपल लिए गए। सैंपल को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। यदि डेंगू मच्छर की पुष्टि होती है तो प्रभावित गांवों में डाक्टरों की टीम कैंप कर परीक्षण करेगी। इसके अलावा बचाव के सारे इंतजाम किए जाएंगे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
