विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 18, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

मौसम ने ली करवट, बीमारियों को दस्तक

By Edited By:
Published: Fri, 18 Oct 2013 06:34 PM (IST)Updated: Fri, 18 Oct 2013 06:36 PM (IST)

News Article Hero Image

कौशांबी : मौसम के बदलते मिजाज ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। दिन में गर्मी व रात में ठंड होने की वजह से लोग इन दिनों संक्रामक बीमारियों की गिरफ्त में आ रहे हैं। जनपद में करीब पांच हजार से ज्यादा लोग वायरल फीवर की चपेट में हैं। जिला अस्पताल की ओपीडी भी मरीजों से पटी हुई है। चिकित्सक इसके लिए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दे रहें हैं।

मौसम में नरमी आने की वजह से लोग संक्रामक बीमारी की गिरफ्त में जल्दी आ रहे हैं। चिकित्सको का कहना है कि इस मौसम में लोगों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कम हो जाती है। जिस कारण उन्हें बीमारी जल्दी अपना शिकार बना लेती है। जिला अस्पताल की ओपीडी में इन दिनों मरीजों की संख्या 550 से बढ़ कर 700 हो गई है। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद शुक्रवार को जिला अस्पताल में दवा प्राप्त करने के लिए दर्जनों मरीज लाइन में लगे थे। जिला अस्पताल में तैनात डॉ. अरविंद कनौजिया का कहना है कि इस समय मौसम ठंडा होने की वजह से सर्दी, जुकाम व वायरल जैसी बीमारी की गिरफ्त में लोग आ रहे हैं। जिले की पीएचसी व सीएचसी में प्रतिदिन करीब चार हजार से अधिक मरीज इलाज करने के लिए पहुंच रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की मानें तो जिले में पांच हजार से अधिक लोग वायरल फीवर की चपेट में आ गए हैं।

------------

डेंगू ने भी पसारे पांव

कौशांबी : जिले की नगर पंचायतों व ग्रामीण इलाकों में जानलेवा बीमारी डेंगू ने भी पैर पसार लिए हैं। नवीन स्वास्थ्य केंद्र पूरामुफ्ती क्षेत्र के हटवा गांव में अभी कुछ दिनों पूर्व कासिम की मौत हुई थी। इसके अलावा भरवारी, अझुवा, बारा हवेली खालसा में कई लोग बुखार की चपेट में हैं। बाराहवेली के रामहित का कहना है कि गांव के सिकंदर, बैरिस्टर व एजाज बुखार की चपेट में हैं। जिनका इलाज इस्माइलपुर सीएचसी में कराया गया है लेकिन लाभ नहीं मिला।

-------------

क्या कहते हैं चिकित्सक

कौशांबी : जिला अस्पताल में तैनात डा. विवेक केशरवानी का कहना है कि मौसम बदल गया है। ऐसे में कूलर न चलाएं और आईस्क्रीम व कोल्ड ड्रिंक का सेवन न करें। यदि किसी व्यक्ति को बुखार आ रहा है तो स्थानीय अस्पताल में पहुंच कर स्वास्थ्य परीक्षण कराकर इलाज कराना सुनिश्चित करें।

-----------------

जिले के कुछ गांवों में डेंगू फैलने की सूचना मिली है। दो लोगों की मौत भी हो चुकी है। मौत डेंगू से हुई है। इसकी पुष्टि नहीं हुई है। इसकी जांच कराई जा रही है। जिन गांव में बीमारी फैली हुई है। वहां पर चिकित्सकों की टीम भेजी जा चुकी है। साथ ही सफाई के निर्देश दिए गए हैं।

डा. केएल वर्मा, मुख्य चिकित्साधिकारी

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर