विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 12, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

600 मुर्गो की मौत से दोआबा में हड़कंप

By Edited By:
Published: Wed, 12 Jun 2013 04:46 PM (IST)

News Article Hero Image

कौशाम्बी : पशु अस्पताल मूरतगंज क्षेत्र के आलमचंद गांव में 12 घंटे के अंदर छह सौ मुर्गो की मौत से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। किस कारण से मुर्गो की मौत हुई है। इसका कारण जानने के लिए पशु पालन विभाग भी परेशान है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि मौत से पहले मुर्गो में बर्ड फ्लू के लक्षण दिखे हैं।

मूरतगंज क्षेत्र के आलमचंद गांव के बाहर एक पोल्ट्री फार्म है। इसमें करीब छह सौ मुर्गे पाले गए थे। पोल्ट्री फार्म की देखरेख करने वाले विशाल का कहना है कि रविवार की रात से मुर्गे बीमारी की चपेट में आए। मरने से पूर्व मुर्गो के मुंह से पानी निकल रहा था। देखते ही देखते वह जमीन पर गिरकर तड़पने लगे और कुछ देर में एक-एक करके मुर्गो की मौत होने लगी। रात भर में पोल्ट्री फार्म के सभी मुर्गे मर गए। इसकी सूचना आलमचंद पशुधन प्रसार अधिकारी व पशुपालन विभाग के चिकित्सकों को दी गई थी। सूचना पर पशुपालन विभाग बीमारी को जानने के प्रयास में लगा हुआ है। उधर स्वास्थ्य विभाग भी छह सौ मुर्गो की मौत पर संजीदा हो गया है। स्वास्थ्य महकमे को यह डर है कि यह बीमारी कहीं बर्ड फ्लू तो नहीं है। यदि बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई तो क्षेत्र के लोग भी जानलेवा बीमारी की गिरफ्त में आ सकते हैं। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एसपी पांडेय का कहना है कि किस बीमारी से मुर्गो की मौत हुई है। इसकी पुष्टि कराई जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद बीमारी से निपटने के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर