यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 07, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
झोलाछाप के गलत इलाज ने ली युवक की जान

राजपुर, संवाद सहयोगी : सिकंदरा में पेट दर्द व उल्टी-दस्त से पीड़ित युवक की झोलाछाप के उपचार से हालत बिगड़ गई। गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। जानकारी के बाद झोलाछाप दुकान बंद कर फरार हो गया, सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की छानबीन शुरू की है।
मालवीय नगर सिंकदरा में फल विक्रेता इरफान को रविवार सुबह उल्टी-दस्त के साथ पेट दर्द शुरू हो गया। संदलपुर मोड़ पर क्लीनिक में झोलाछाप के पास पहुंचकर उपचार कराया तो सुधार के बजाय हालत नाजुक होने पर परिजन उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाने लगे, इस बीच रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी पर क्लीनिक छोड़कर झोलाछाप फरार हो गया। परिजनों ने क्लीनिक पर शव रखकर हंगामा किया और देर शाम शव लेकर चले गए। एसओ सिकंदरा मनोज कुमार ने बताया कि परिजनों ने झोलाछाप के गलत इलाज से युवक की मौत का आरोप लगाया है। परिजनों व झोलाछाप के बीच समझौता वार्ता की जानकारी मिली है। यदि तहरीर मिलेगी तो शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
