यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 20, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बीमारी रही पांव पसार, गांव-गांव उल्टी दस्त व बुखार

कानपुर देहात, जागरण संवाददाता : उमस भरी गर्मी व गंदगी से गांवों में उल्टी-दस्त व बुखार का प्रकोप शुरू हो गया है। जिले में बीमारी की चपेट में आकर अबतक तीन लोग दम तोड़ चुके हैं। वहीं जिला अस्पताल की ओपीडी में भी प्रतिदिन मरीजों की भीड़ जुट रही है। बुधवार को बड़ी संख्या में मरीजों के पहुंचने से अफरा -तफरी की स्थिति रही है।
गांवों में गंदगी व दूषित पानी से बुखार व उल्टी- दस्त का प्रकोप शुरू हो गया है। बीमारी की चपेट में आकर तीन दिन के अंदर मुबारकपुर गांव की जयदेवी (55), परेहरापुर की दीपांजलि (3) व कोरारी गांव की छुटकी (3) की मौत हो चुकी है। इन गांवों में बडी संख्या में लोग उल्टी- दस्त व बुखार से पीड़ित हैं। जिले के तीन दर्जन गांवों में बीमारी के प्रकोप के बावजूद स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों व कर्मियों की गैरमौजूदगी के चलते मरीजों को झोलाछाप से उपचार कराना मजबूरी हो गया है। अधिकांश स्वास्थ्य केंद्रों में तालाबंदी व प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य टीमें न पहुंचने से झोलाछाप सक्रिय हो गए है। वहीं जिला अस्पताल की ओपीडी में रोजाना मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। बुधवार को मरीजों की भीड़ बढ़ने से अफरा तफरी की स्थिति रही। पर्चा बनवाने व दवा लेने के लिए काउंटरों पर मरीजों के तीमारदारों में मारामारी की स्थिति बनी। फिजीशियन डॉ. पंकज श्रीवास्तव व बालरोग विशेषज्ञ डॉ. अवधेश पांडेय के चेंबर में मरीजों भीड़ लगी रही। डॉक्टर के आसपास घेरा बनाकर मरीज अपनी बारी का इंतजार करते रहे।
------------
जिला अस्पताल में पिछले तीन चार दिनों से मरीजों की संख्या में खासा इजाफा हुआ है, इनमें बुखार व उल्टी दस्त से पीड़ित अधिक हैं। गंभीर रोगियों को भर्ती कराने के साथ अन्य मरीजों को दवा वितरित कराई जा रही है। जनरल वार्ड के पास संक्रमक रोगियों के लिए अतिरिक्त वार्ड बनाया गया है और अलग से ओपीडी की व्यवस्था पर भी विचार किया जा रहा है।
- डॉ.एसपी त्रिपाठी, सीएमएस जिला अस्पताल
----------
बीमारी के प्रकोप के मद्देनजर सभी ब्लाक स्तरीय स्वास्थ्य केंद्र प्रभारियों को एलर्ट कर दिया गया है। प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य टीमों को भेजकर इलाज कराया जा रहा है। स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों व दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए स्वास्थ्य अफसरों को निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं। गुरुवार को माती मुख्यालय पर सभी सीएचसी पीएचसी प्रभारियों की बैठक कर बीमारी नियंत्रण की कार्ययोजना को गति प्रदान की जाएगी।
-डॉ. एआर मिश्रा, सीएमओ
