यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 17, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
उल्टी-दस्त से महिला की मौत, कई बीमार

झींझक, संवादसूत्र : मुबारकपुर गांव में पिछले एक सप्ताह से उल्टी दस्त का प्रकोप है।बीमारी की चपेट में आकर महिला की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन लोग बीमार हैं। सूचना के बावजूद गांव में स्वास्थ्य टीम न आने से ग्रामीणों में नाराजगी है और कुएं के दूषित पानी से बीमारी फैलने की बात कह रहे हैं।
मुबारकपुर गांव में लालबहादुर के मकान के पास स्थित कुएं से परिवारी पानी भरते हैं। बीती 11 अगस्त को लालबहादुर की पत्नी जयदेवी (55), पुत्रियां धूपश्री (22), पूजा (18)़ आरती (16) आदि उल्टी- दस्त से पीड़ित है। गंभीर हालत में परिजन उन्हें सीएचसी ले गए थे, जहां इलाज के बाद घर भेज दिया गया था। बीमारी की सूचना पर गांव पहुंची स्वास्थ्य टीम को लालबहादुर के परिवारियों के अलावा मोहल्ले के आधा दर्जन लोग उल्टी दस्त से पीड़ित मिले थे। स्वास्थ्य टीम उपचार की औपचारिकता कर लौट गई थी। दो दिन से गांव में भूरा (42), लालबहादुर (58), रामचंद्र (32), छोटू (12) ज्योती (15), शैलजा (16), रेखा (21) आदि बीमारी की चपेट में हैं। सूचना के बाद भी स्वास्थ्य टीम गांव नहीं पहुंची। शनिवार मध्यरात्रि के बाद उल्टी-दस्त से पीड़ित जयदेवी की हालत बिगड़ गई। रविवार सुबह सीएचसी ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। गांव के वेद प्रकाश, बनवारी, अवधेश, जयपाल, चंद्रशेखर, ईश्वर दयाल आदि ने बताया कि मोहल्ले के कुएं का पानी प्रदूषित हो गया है, जिसे पीने से लोग बीमार हो रहे हैं। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि बीमारी की सूचना मिली है। कुएं में ब्लीचिंग पाउडर डलवाया गया है, सोमवार को स्वास्थ्य टीम गांव भेजकर मरीजों का इलाज कराया जाएगा।
