यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 10, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बुखार से किशोरी व अधेड़ ने दम तोड़ा

शिवली, अंप्र : जिले में उल्टी- दस्त व बुखार से मरीजों की मौत का सिलसिला थम नहीं रहा है। शनिवार को अरसदपुर गांव में बुखार पीड़ित किशोरी व पांडेय निवादा में अधेड़ की जान चली गई।
रतीपुरवा, संदना, हरपुरा, शिवपुरा, महेशपुर, साकिन डेरा,जलालपुर, ढिकची, डिलौलिया, गजा निवादा, जसा का पुरवा, रामपुर गांवों में बीते दिनों बीमारी का प्रकोप फैला था। वहीं नए-नए गांवों में बीमारी पांव पसारती जा रही है। शनिवार शाम शिवली के अरसदपुर गांव निवासी राजेंद्र राठौर की पुत्री शोभा (15) की बुखार की चपेट में आकर मौत हो गई। पिता राजेंद्र ने बताया कि शोभा को बीते तीन दिनों से बुखार आ रहा था। शनिवार को इलाज के लिए उसे हैलट ले गए, इलाज शुरू होने से पहले उसने दम तोड़ दिया।
वहीं पांडेय निवादा गांव निवासी जगदीश तिवारी (48) की बुखार से मौत हो गई। पुत्रियों सीमा व रानी ने बताया कि बुखार आने पर पिता को इलाज के लिए कानुपर हैलट अस्पताल ले गए थे। डॉक्टरों द्वारा जवाब देने पर पिता को घर ले आए थे। शनिवार शाम करीब पांच बजे उनकी मौत हो गई। मैथा पीएचसी प्रभारी आशीष मिश्र ने बताया कि बुखार से मौत होने की जानकारी नहीं मिली है। रविवार को दोनों गांवों में स्वास्थ्य टीम भेजकर मरीजों का उपचार कराया जाएगा।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
