यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 29, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मधुमक्खियों का हमला, एक सैकड़ा लोग घायल

आखत डालते समय हुआ हादसा
तालग्राम, अंप्र.: आखत डालते समय धुएं से भड़की मधुमक्खियां ग्रामीणों पर कहर बनकर टूटीं, जिससे वहां भगदड़ मच गई। मधुमक्खियों के हमले में एक सैकड़ा से अधिक ग्रामीण घायल हुए। इसमें 3 की हालत गंभीर है।
बुधवार शाम 4 बजे ग्राम अमोलर के ग्रामीण गांव के बाहर विशेखरधाम मंदिर के पास होली के आखत डाल रहे थे। पास ही स्थित बरगद के पेड़ पर मधुमक्खियों का विशाल छत्ता लगा था। जैसे ही ग्रामीणों ने होली की आग जलाई और आखत डालनी शुरू की, वैसे ही मधुमक्खियों का झुंड उन पर टूट पड़ा। अचानक हुए इस हमले से वहां भगदड़ मच गई। इस हमले में लगभग 100 ग्रामीण घायल हुए हैं, जिसमें गंगाराम, इंद्रपाल व रामसिंह को मधुमक्खियों ने बुरी तरह काट लिया। यह तीनों बेहोश होकर खेत में पड़े रहे और मधुमक्खियां उड़ती रहीं। भय के चलते कोई भी इनके पास जाने की हिम्मत न जुटा सका। आधा घंटे बाद जब मधुमक्खियां शांत हुई तब ग्रामीणों ने तीनों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। चिकित्सक ने हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को जिला चिकित्सालय के लिए रिफर कर दिया।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
