यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 08, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
शीतलहर ढाया कहर, पांच की मौत

कन्नौज, निज संवाददाता: भीषण सर्दी और शीतलहर में बीते 24 घंटे में पांच लोगों की मौत हो गई। इसके बावजूद भी प्रशासन अलाव जलवाने के प्रति गंभीर दिखाई नहीं दे रहा है। तालग्राम, अंप्र. के अनुसार ग्राम भूड़पुर्वा अमोलर निवासी बनवारीलाल वर्मा का पुत्र राजेंद्र(32) गांव में अपनी विधवा मां के पास रहता है। ग्रामीणों के मुताबिक मां-बेटे के पास एक फटा हुआ कंबल है। इसी के ऊपर वह बोरा ओढ़कर रात गुजारते थे। सोमवार शाम को राजेंद्र मजदूरी पर आलू खोदकर आया। इसके बाद उसे काफी तेज सर्दी लगी। उसकी मां ने बताया कि वह पुआल पर लेट गया और कंबल ओढ़ लिया। फिर भी सर्दी कम नहीं हुई तो उन्होंने उसके ऊपर बोरा डाल दिया। सुबह राजेंद्र मृत हालत में मिला। इसके अलावा क्षेत्र के ग्राम बेहटा खास में राजू बाथम (38) पुत्र मुंशीलाल मंगलवार सुबह गेहूं की फसल में पानी लगा रहा था। अचानक उसकी तबियत बिगड़ी और उसने खेत पर ही दम तोड़ दिया। सूचना पाकर नायब तहसीलदार अवनीश कुमार व लेखपाल भारत सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नादेमऊ अंप्र. के अनुसार ग्राम तिजू नगला हसेरन निवासी जगदीश सिंह (68) वर्ष की सर्दी लगने से मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि सर्दी लगने पर वह जगदीश को अस्पताल लेकर आए, जहां उसकी मौत हो गयी। समधन, अंप्र. के अनुसार लोहिया नगर निवासी कासिम अली (45) पुत्र हैकत अली सोमवार रात को अपने घर में सो रहे थे। रात्रि में भी भीषण सर्दी की मार से कासिम सुबह अपने बिस्तर पर मृत पाए, जबकि मोहल्ला सैयदवाड़ा निवासी जहीरूद्दीन (60) की भी बीती रात भीषण ठंड के चलते मौत हो गई। दोनों ही लोगों की मौत पर चेयरमैन मोहम्मद नकीम अहमद ने पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
