यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 22, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मां के बाद बेटी की भी मौत

अमरोहा। मां के बाद डेंगू पीड़ित बेटी की भी मौत हो गई। मृतका हाईस्कूल की छात्रा थी। उसका दिल्ली के आल इंडिया हास्पिटल में इलाज चल रहा था। इसी गांव में अब तक डेंगू से तीन की मौत हो चुकी हैं। जिससे ग्रामीणों में खौफ है।
क्षेत्र में फैला डेंगू का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। रोजाना डेंगू पीड़ित के मामले सामने आ रहे है। डेंगू से पीड़ित थाना क्षेत्र के गांव फंदेड़ी निवासी महेंदी हसन की पत्नी कनीज फात्मा ने गत 15 अक्टूबर को दम तोड़ दिया था। उसकी पुत्री आले जेहरा (15) भी डेंगू की चपेट में आ गई थी। उसका शुरू में झोलाछाप से इलाज कराया गया। सेहत में सुधार नहीं होने पर परिजन उसे चांदपुर ले गए। यहां उसे दिल्ली के आल इंडिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया था। जहां उसकी मौत हो गई। मां के बाद बेटी की भी मौत होने से परिजनों में कोहराम मचा है। शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। मृतका चांदपुर के एक इंटर कालेज में हाईस्कूल की छात्रा थी।
खास बात यह है कि गांव फंदेड़ी में डेंगू से यह तीसरी मौत है। मां-बेटी से पूर्व गांव निवासी छात्रा अल शिफा भी डेंगू से काल के मुंह में जा चुकी है। कई ग्रामीण अभी भी वायरल की चपेट में हैं। जिससे ग्रामीणों में खौफ है।
-------------------------
इलाज के नाम पर खानापूर्ति
मंडी धनौरा: गांव फंदेड़ी में डेंगू से हो रही मौत पर भी स्वास्थ्य विभाग बेपरवाह बना हुआ है। वह इलाज में खानापूर्ति कर रहा है। मृतक छात्रा के रिश्तेदार व सपा नेता आमिर रजा का आरोप है कि डेंगू से मौत होने की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में आई थी मगर वो स्वास्थ्य परीक्षण के नाम पर खानापूर्ति कर लौट गई।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
