यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 27, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
छात्रा समेत डेंगू से दो की मौत

अमरोहा। जिले में डेंगू का कहर कम होने का नाम नहीं ले रहा। अब कई लोगों की जान लील चुके डेंगू से जनपद में नौवीं की छात्रा समेत दो की मौत हो गई। छात्रा का पिछले तीन दिन से दिल्ली में उपचार चल रहा था, जबकि युवक ने निजी चिकित्सक के यहां आज दम तोड़ दिया। दोनों परिवारों ने मृतकों का अंतिम संस्कार कर दिया।
डेंगू से बचाव के सरकारी इंतजामात अब नाकाफी साबित होते जा रहे हैं। इससे पीड़ित और मरने वालों लोगों का दायरा भी धीरे-धीरे बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को जिले में नौंवी की छात्रा समेत दो लोगों की मोत हो गई। पहला मामला शहर के मुहल्ला बेगम सराय से जुड़ा है। यहां कमल प्रजापति (26) का परिवार रहता है। सुबह को अखबार बांटता है जबकि दिनभर जूस का ठेला लगाकर गुजर बसर कर रहा था। परिवार में पत्नी और दो बेटियों के अलावा माता-पिता की भी जिम्मेदारी कमल के ही पास थी। बड़ी बेटी जाहनवी चार साल की तो छोटी बेटी हिमांशी अभी नौ माह की ही है। बताया जाता है कि कमल को तीन दिन पूर्व बुखार आया था, इस पर निजी चिकित्सक के यहां इलाज चल रहा था। चिकित्सक के कहने पर जांच कराई गई तो उसमें डेंगू की पुष्टि हो गई। शुक्रवार की सुबह जब कमल की हालत बिगड़ी तो परिजन उसे लेके मिताली नर्सिग होम लेकर पहुंचे। मगर यहां पहुंचकर उसने दम तोड़ दिया। घर में जवान मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
दूसरा मामला नौगावां सादात के मुहल्ला पखरपुरा से जुड़ा है। यहां रहने वाले किसान नूर कायम की पंद्रह वर्षीय बेटी कुलसुम जैनब कस्बे के ही एक इंटर कालेज में नौंवी की छात्रा थी। बताया जाता है कि करीब एक सप्ताह पूर्व कुलसुम को तेज बुखार आया था। इस पर उसे कस्बे में निजी चिकित्सक को दिखाया था। छात्रा के खून की जांच कराई तो उसमें डेंगू की पुष्टि हो गई। हालत बिगड़ने पर परिजन छात्रा को लेकर दिल्ली गए थे। यहां भी इसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ और बीती रात छात्रा की मौत हो गई। परिजन शुक्रवार को जब छात्रा का शव लेकर गांव पहुंचे तो परिजनों में कोहराम मच गया। दोपहर को जुमे की नमाज के बाद छात्रा के शव को सुपुर्देखाक कर दिया गया। आवास विकास कालोनी निवासी शैलेश अग्रवाल की पत्नी को भी डेंगू की पुष्टि हुई है, उन्हें मुरादाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
