यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 08, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
डेंगू से चार की मौत, तीन बीमार

केराकत (जौनपुर) : क्षेत्र के कई ग्रामों में डेंगू, मस्तिष्क ज्वर, मलेरिया एवं टाइफाइड (मियादी ज्वर) का प्रकोप देखा जा रहा है। पिछले एक सप्ताह के अंदर जहां डेंगू बुखार से चार की मौत हो चुकी। वहीं डेंगू बुखार से चार की मौत हो चुकी है। डेंगू बुखार से ग्रसित तीन रोगियों का उपचार विभिन्न चिकित्सालयों में चल रहा है।
छितौना ग्राम में राम अधार विश्वकर्मा की पत्नी शांति देवी (45), रामराज मौर्य की पत्नी अमरावती देवी (65) तथा विक्रमा सरोज (68) की मौत चार दिनों के अंदर डेंगू बुखार के चलते हो गई। इसी प्रकार झल्लूपुर में साहब लाल यादव की पत्नी राधिका देवी (32) की मौत शनिवार को डेंगू के चलते हो गई, जबकि डेडुवाना ग्राम में मनोज कुमार सिंह (47) आयुषी सिंह (19) एवं कुमारी लक्की (20) डेंगू से ग्रसित होकर विभिन्न अस्पतालों में भर्ती है। नागरिकों का कहना है कि क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप काफी फैल चुका है। जगह-जगह ग्रामों में कूड़ों कचरों का अम्बार लगा हुआ है। स्वास्थ्य विभाग न तो मच्छर मारक दवाओं का छिड़काव न ही सफाई कर्मी ही कहीं अपनी जिम्मेदारियां का निर्वहन करते देखे जा रहे है।
चिकित्साधीक्षक ने किया फोन बंद
इस संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केराकत के चिकित्साधीक्षक डा. आरके पासवान से संपर्क करना चाहा गया तो बताया गया कि वे बनारस चले गए। जब मोबाइल पर संपर्क किया गया तो फोन उठाने के बाद उन्होंने मोबाइल बंद कर लिया।
