यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 28, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
9 छात्राओं की हालत बिगड़ी, सीएचसी में भर्ती

माधौगढ़, अंप्र. : कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की 9 छात्राओं की अचानक हालत बिगड़ने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुरा में भर्ती कराया गया। एक की हालत गंभीर होने पर जिला चिकित्सालय भेज दिया गया। हालांकि सभी छात्राओं की हालत खतरे से बाहर है।
गुरुवार देर रात छात्राओं को तेज बुखार, पेट में दर्द की शिकायत हुई, इस पर विद्यालय की वार्डेन लक्ष्मी गुप्ता ने रामपुरा स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए भर्ती कराया। जिसमें छात्रा राखी गौतम की हालत अधिक खराब होने पर जिला चिकित्सालय उरई लाया गया, जहां इलाज के बाद हालत ठीक होने पर वार्डेन छात्रा राखी को लेकर विद्यालय लौट आई। कल्पना, खुशबू, रेखा, कुसुम, नेहा, सोनम, पूजा व राखी का अस्पताल में इलाज कराया गया। चिकित्सालय की डा. नेहा सिंह के बच्चियों से बीमार होने का कारण पूछा तो वह गले से लिपट कर रोने लगीं। महिला चिकित्सक ने बताया कि छात्राएं किसी भय से ग्रसित हैं। इसी घबड़ाहट में तेज बुखार चक्कर आना एवं पेट दर्द की शिकायत हुई है। गौरतलब है कि विद्यालय के छात्रावास में 70 छात्रायें रह रही हैं। जिनमें से 8 छात्राओं की हालत 21 सितंबर की रात में अचानक इसी तरह बिगड़ गयी थी जिन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था। वार्डेन लक्ष्मी गुप्ता ने कहा कि बच्चियों के आये दिन बीमार होने से वह स्वयं में परेशान हैं। सभी छात्राओं के संरक्षकों को जानकारी दे दी गई है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
