यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 23, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सर्दी ने लगाया बैक गेयर, एक की मौत

उरई, जागरण प्रतिनिधि : सर्दी ने जैसे बैक गेयर लगा दिया। बुधवार की सुबह इतनी भयंकर सर्दी थी कि लोग ठिठुरन से निजात के लिए अलाव जलाने को मजबूर हो गए। दस बजे तक घने कोहरे की वजह से पचास फिट के आगे कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। परिणामस्वरूप रेल एवं सड़क यातायात बुरी तरह से प्रभावित हो गया। ठंड बर्दाश्त न कर पाने से जालौन क्षेत्र के ग्राम औरेखी में एक महिला ने दम तोड़ दिया।
एक सप्ताह से ठंडक थी लेकिन ये उम्मीद नहीं थी कि कहर बरपाने वाली ठंड फिर लौट आएगी। बुधवार को आलम ये था कि आधी रात के बाद भयंकर कोहरा हो गया। सुबह तक कोहरे की दशा ये थी कि जैसे पानी की फुहार गिर रही हो। स्कूल जाने वाले बच्चों के लिए ठिठुरन भरा मौसम आफत बन गया। छुंट्टी नहीं होने से कांपते हुए बच्चे स्कूल गए। कंपा देने वाली ठंड होने के बावजूद सुबह कही पर भी नगर पालिका और प्रशासन द्वारा अलाव का इंतजाम नजर नहीं आ रहा था। खुद लकड़ी जुटाकर लोग ठंड से निजात के लिए अलाव जलाते नजर आ रहे थे। रेलवे स्टेशन और कोंच बस स्टैंड पर बने अस्थायी रैन बसेरा का टेंट अव्यवस्था के कारण खाली पड़ा हुआ था। इसी बीच अपर जिलाधिकारी लोकपाल सिंह ने बताया कि कंबल वितरण के लिए पंद्रह लाख रुपये और अलाव जलवाने के लिए प्रत्येक तहसील में पचास पचास हजार रुपये के अतिरिक्त बजट की मांग शासन को भेजी जा रही है।
जालौन अप्र के मुताबिक यहां औरेखी गांव में ठंड लगने की वजह से सुमित्रा देवी नाम की महिला की मौत हो गई। महिला का परिवार बीपीएल दायरे में है। सर्दी से बचाव के लिए उसके पास कोई गरम कपड़ा नहीं था। फटे चिथड़े चादर की रजाई बनाकर उसी को ओढ़कर वह सो रही थी। सर्दी से बचाव के लिए वह नाकाफी थी लिहाजा रात में उसने दम तोड़ दिया। सुबह चारपाई पर वह मृत मिली। लेखपाल मनीराम जांच के लिए मौके पर पहुंचे।
उधर कोहरे की वजह से छिटपुट सड़क हादसे होते रहे। नेशनल हाइवे पर च-मारी के पास बाइक फिसलकर गिरने से उस पर सवार अभिषेक और विक्रम निवासीगण मोठ बुरी तरह से जख्मी हो गए। इसी तरह पटेल नगर निवासी शिवकांत बाइक से जालौन की तरफ जाते समय कुकरगांव के पास ठंड की वजह से हाथ पांव जकड़ जाने से बाइक समेत सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
कोहरे के कारण ट्रेनों की रफ्तार भी धीमी पड़ गई। जिससे कई ट्रेनें घंटों लेट हो गईं। ठंड के बीच ट्रेनों का लंबा इंतजार यात्रियों को भारी पड़ रहा था।
कोहरे को कारण लेट हुई ट्रेनें लोकमान्य तिलक से गोरखपुर-3 घंटा झांसी से लखनऊ इंटरसिटी-2 घंटा गोरखपुर से लोकमान्य तिलक-3 घंटा मुंबई जनसाधारण एक्सप्रेस-2 घंटा बरौनी ग्वालियर एक्सप्रेस-5 घंटा
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
