यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 07, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
कड़ाके की ठंड ने पांच को लीला

संवाददाता सिकंदराराऊ :
तहसील क्षेत्र में कड़ाके की ठंड ने अपना रौद्र रूप धारण कर लिया है। निरंतर ही पारा गिरता चला जा रहा है। ठंड के प्रकोप से जहां जनजीवन पूरी तरह अस्त व्यस्त हो गया है, वहीं क्षेत्र में लोगों का मरना भी शुरू हो गया। तहसील क्षेत्र में हाड़ कंपा देने वाली ठंड ने दो दिन में पांच लोगों को लील लिया है। हालांकि तहसील प्रशासन पूरी तरह से इन मौतों को ठंड से नहीं मान रहा है। मौत के कारणों की जांच कराई जा रही है। ठंड से मौत होना स्पष्ट होता है, तो मृतकों के परिजनों को आर्थिक मदद भी दी जाएगी।
तहसील क्षेत्र के गांव बढ़ानूं में 60 साल के रामखिलाड़ी पुत्र केसरी नाथ अपनी झोपड़ी में कंबल ओढ़कर सो रहे थे। रोजाना की भांति सुबह नहीं उठे तो परिजन उन्हें जगाने गये। उनको मृत देख सभी हतप्रभ रह गए। परिजनों में हाहाकार मच गया। पूरे गांव में मातमी सन्नाटा छाया हुआ है। इसकी सूचना तहसील प्रशासन को ग्रामीणों ने दी जिस पर उपजिलाधिकारी शिव दयाल ने तहसील से एक टीम जांच के लिए भेजी है। वहीं नगर के मोहल्ला नौखेल निवासी 70 वर्षीय भगवती की रविवार की सुबह ठंड से हालत बिगड़ गयी। रात्रि में वह मौत के गाल में समा गये। पुरदिलनगर में चुनिया देवी पत्नी मान सिंह उम्र 72 वर्ष की रविवार की तड़के ठंड से मौत हो गयी। राकेश कुमार शर्मा उम्र 40 वर्ष निवासी खासपुर रोड की ठंड से मौत बताई जा रही है। पुरदिलनगर क्षेत्र में ठंड से दो मौत हो जाने से मातमी सन्नाटा छा गया है। इसके अलावा कचौरा के गांव नौरथा ईशेपुर निवासी नेत्रपाल पुत्र जालिम सिंह उम्र 70 वर्ष की ठंड के चलते मौत हो गयी है। यह रात्रि में अपने घेर पर बनी झोपड़ी में सो रहे थे। क्षेत्र में हुई ठंड से पांच की मौत से कोहराम मच गया है। तहसील प्रशासन इन मौतों की जांच करा रहा है।
इनका कहना है..
पांच मौतों की खबर मिलने पर तहसील स्तरीय टीम को जांच के लिए भेजा गया है। जो गांव में मृतक के परिजनों से मिलकर मौत का कारण पूछ कर रिपोर्ट सौंपेंगे। अगर मौत का करण ठंड होगा तो प्रशासन उसकी पूरी मदद करेगा।
शिव दयाल, उपजिलाधिकारी सिकंदराराऊ ।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
