यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 05, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
तेज बुखार से दो लड़कियों की मौत

पिहानी, संवाद सूत्र : अचानक तेज बुखार आने से अंदाइब्राहिमपुर में दो लड़कियों की मौत हो गई। परिजनों के अनुसार बुखार इतनी तेज आया कि वह चिकित्सक के पास तक नहीं पहुंच सके और रास्ते में ही मौत हो गई। इस मामले पर सीएचसी प्रभारी से पूछा गया तो वह अनजान थे, लेकिन तत्काल टीम रवाना की है।
गुरुवार को अंदाइब्राहिमपुर गांव में दो मौतों से हड़कंप मच गया। विचित्र बीमारी से हुई चांदनी (17) और रोशनी (5) की मौत के बाद गांव में बीमारी को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। जानकारी के मुताबिक चांदनी को सुबह करीब छह बजे बहुत तेज बुखार आया और वह तड़पने लगी। परिजन उसको लेकर पास के सहादत नगर गांव लेकर भागे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई। ऐसा ही रोशनी के साथ हुआ और करीब 11 बजे दिन में उसको बुखार आया वह भी चिकित्सक के यहां नहीं पहुंच सकी और उसकी मौत हो गई। दोनों लड़कियों की विचित्र बीमारी से हुई मौत के बाद गांव में हड़कंप मच गया। इस मामले में देर शाम सीएचसी प्रभारी जीतेंद्र श्रीवास्तव से जब पूछा गया तो उन्होंने जानकारी होने से इन्कार किया। उन्होंने कहा कि सहादत नगर में उनकी टीमें काम कर रही थी, लेकिन कोई सूचना नहीं है, लेकिन वह तत्काल अंदाइब्राहिमपुर के लिए टीम रवाना कर रहे हैं और पता लगाने का प्रयास करेंगे कि मौतें कैसे हुई।
मृत्यु के बाद शरीर में पड़े लाल चकत्ते : विचित्र बीमारी से हुई मौतों में परिजनों के अनुसार चांदनी और रोशनी के शवों पर लाल लाल चकत्ते नजर आ रहे थे।
