यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 07, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
ठंड से युवक की मौत, वृद्धा गंभीर

हरदोई कार्यालय : कड़ाके की सर्दी अब जानलेवा साबित हो रही है। पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत एक युवक की ठंड लगने से मौत हो गई, जबकि माधौगंज थाना क्षेत्र में एक वृद्धा ठंड की चपेट में आ गई। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल रिफर कर दिया गया है।
पाली अप्र के अनुसार नगर के मोहल्ला काजी सराय निवासी इजहार खां (30) पुत्र निसार खां कस्बे के ही नवी शेर खां की दुकान पर काम करता था। रविवार शाम वह किसी काम से बाइक से कस्बे में ही गया था। लौटने के बाद ठंड लगने पर वह नवी शेर खां के बरगद चौराहे स्थित मकान में लेट गया। सुबह होने पर जब मकान मालिक वहां पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा तोड़ने पर वह मृत अवस्था में पड़ा मिला। नवी शेर खां ने बताया कि रजाई एक तरफ पड़ी हुई थी और उसका शरीर जकड़ा हुआ था। इस संबंध में उप जिलाधिकारी सत्य प्रकाश शर्मा ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। फिर भी प्रकरण की जांच करवा ली जाएगी।
माधौगंज अप्र के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम कंजड़पुरवा मजरा दौलतयारपुर निवासी मुन्नी देवी (60) पत्नी सुबेदार सुबह नहा रही थी। ठंड लग जाने के कारण नहाते समय वह अचेत हो गई। परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। चिकित्सकों ने बताया कि सर्दी लगने के कारण वृद्धा कोमा में चली गई। चिकित्सक ने उसे जिला अस्पताल रिफर कर दिया।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
