यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 26, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बुखार की चपेट में आने से दो की मौत

महोबा, कार्यालय प्रतिनिधि : इन दिनों डायरिया व दिमागी बुखार सहित अन्य बीमारियां जमकर पैर पसार रही है। गुरुवार को अलग-अलग जगहों पर बुखार की चपेट में आने से दो किशोरियों की मौत हो गई। जबकि सैकड़ों की संख्या में मरीज जिला अस्पताल के साथ ही अन्य चिकित्सालयों में अपना उपचार कराने को भर्ती है।
जैतपुर ब्लाक की अकौनी अजनर निवासी ईश्वरदास की 11 वर्षीय पुत्री कट्टू की बुखार के चलते मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक वह पिछले तीन दिनों से बुखार से पीड़ित थी। बकौल पिता उनकी आर्थिक स्थिति सही नहीं है, इसलिए बेटी का बेहतर उपचार नहीं करा सके। गुरुवार को किशोरी की हालत बिगड़ने पर उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर डढ़हत गांव निवासी 14 वर्षीय पूजा की भी बुखार के चलते मौत हो गई। शव का पीएम कराया जा रहा है। परिजनों के मुताबिक बुधवार की रात खाना खाते ही उसे बुखार के साथ ही उल्टी दस्त होने लगे। अस्पताल लाने पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बता दें कि अब तक जिले में बुखार से मरने वालों की संख्या आधा दर्जन दर्जन से अधिक हो चुकी है। बुधवार को जैतपुर ब्लाक के ड्योढ़ी पुरा में डायरिया की चपेट में आने से दो वृद्धाओं की मौत हो गई थी, जबकि दर्जनों अभी भी चपेट में है। मौसम के बदलाव से मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। सरकारी सहित निजी चिकित्सालय मरीजों से खचाखच भरे है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
