यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 10, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
ठंड ने ली दो की जान

हमीरपुर, कार्यालय संवाददाता : तीन दिन से निकल रही तीखी धूप से लोगों को दिन में तो राहत मिल रही है, मगर रात में शीतलहर का प्रकोप होने से शाम होते ही लोग घरों में दुबक जाते हैं। गुरुवार को ठंड ने भरुआ सुमेरपुर क्षेत्र में दो लोगों के प्राण ले लिए।
करीब हफ्ते भर की हाड़कंपाऊ ठंड के बाद इधर तीन दिनों से सूर्य देवता कुछ मेहरबान हैं। दिन में लोगों को ठंड से राहत मिली है, लेकिन रात में अभी भी ठंड का कहर जारी है। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस, तो अधिकतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है।
भरुआ सुमेरपुर, अप्र के मुताबिक क्षेत्र में अभी भी शीतलहर का प्रकोप जारी है। तेज धूप के बावजूद ठंड ने कहर ढाते हुए दो लोगों की जान ले ली। सुमेरपुर कस्बे के रामलीला मैदान निवासी फूलचंद्र गुप्ता (75) व सुमेरपुर थानाक्षेत्र के टेढ़ा गांव के किसान मइयादीन प्रजापति (60) की ठंड लगने से मौत हो गई। सुमेरपुर क्षेत्र में अब तक ठंड ने दस लोगों की जान जा चुकी है।
क्षेत्र में पाला पड़ने से रबी की फसलें विपरीत असर पड़ा है, जिससे किसान सहमे हुए हैं। अरहर, मसूर, सरसों की फसलें पाला से प्रभावित हो रही है।
यमुना घाटों पर सफाई की माँग
शहर काँग्रेस कमेटी के अध्यक्ष लक्ष्मीकांत त्रिपाठी ने प्रशासन से माँग की है कि आगामी 14 जनवरी को मकर संक्रांति के चलते इस तिथि से पूर्व नगर सीमा के अंतर्गत यमुना नदी के घाटों की सफाई कराकर प्रत्येक घाट पर दो-दो अलाव जलवाए जाएं। चूँकि इस तिथि पर मुख्यालय के साथ-साथ सुदूर नगरों व ग्रामीणांचल से भी भारी संख्या में लोग आकर यमुना में स्नान करते हैं। श्री त्रिपाठी ने इस पर रोष जताया है कि शीत लहर के भीषण प्रकोप के बावजूद जिला प्रशासन ने महज चंद स्थानों पर कम लकडि़यों के अलाव जलवा दिए और कुछ जगह कंबल वितरण करवा दिया। इससे प्रशासन की संवेदनहीनता का पता चलता है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
